Breaking Newsअपराधउत्तर प्रदेशटेक्नोलॉजीताजा खबरदुनियादेशलाइफस्टाइललाइव न्यूज़

Sant Kabir Nagar Murder Case: भांजी से छेड़छाड़ का विरोध पड़ा भारी, युवक का गला रेतकर कत्ल, आक्रोशित भीड़ ने आरोपी का घर फूंका

उत्तर प्रदेश के संतकबीरनगर जिले में गुरुवार रात हुई एक दिल दहला देने वाली हत्या ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। बखिरा थाना क्षेत्र के बभनी चौराहे पर एक युवक की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी गई।

Sant Kabir Nagar Murder Case: भांजी से छेड़छाड़ का विरोध पड़ा भारी, युवक का गला रेतकर कत्ल, आक्रोशित भीड़ ने आरोपी का घर फूंका

उत्तर प्रदेश : उत्तर प्रदेश के संतकबीरनगर जिले में गुरुवार रात हुई एक दिल दहला देने वाली हत्या ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। बखिरा थाना क्षेत्र के बभनी चौराहे पर एक युवक की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद ग्रामीणों और परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा और आक्रोशित भीड़ ने आरोपी के घर और एक गुमटी में आग लगा दी। तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए प्रशासन को भारी पुलिस बल तैनात करना पड़ा।

शादी समारोह में हुए विवाद ने ली जान

मृतक की पहचान कोलकी चमरसन गांव निवासी 30 वर्षीय आनंद के रूप में हुई है। परिजनों के मुताबिक कुछ दिन पहले एक शादी समारोह में आनंद की भांजी के साथ कथित तौर पर छेड़छाड़ की गई थी। आरोप है कि इस घटना का आनंद ने विरोध किया था, जिसके बाद से दोनों पक्षों के बीच विवाद चल रहा था। इसी रंजिश में हत्या की वारदात को अंजाम दिया गया।

बाजार से लौटते समय किया गया हमला

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आनंद टाइल्स लगाने का काम करता था। वह मशीन देने के लिए बभनी चौराहे पर आया था और कुछ सामान खरीदने के बाद घर लौट रहा था। इसी दौरान आरोपी नासिर अली अपने साथियों के साथ वहां पहुंचा और अचानक धारदार हथियार से आनंद की गर्दन पर हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से आनंद की मौके पर ही मौत हो गई।

मृतक के चचेरे भाई रोहित ने दावा किया कि आरोपी ने मुर्गा काटने वाली तेज धार वाली छुरी से हमला किया था। उनका कहना है कि वारदात में अन्य लोग भी शामिल थे।

हत्या के बाद भड़का ग्रामीणों का गुस्सा

युवक की हत्या की खबर फैलते ही इलाके में भारी तनाव पैदा हो गया। आक्रोशित ग्रामीणों और परिजनों ने शव को सड़क पर रखकर घंटों प्रदर्शन किया। इस दौरान भीड़ ने आरोपी के घर और एक गुमटी को आग के हवाले कर दिया। हालात बिगड़ते देख पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को मौके पर पहुंचना पड़ा।

तीन जिलों की पुलिस फोर्स तैनात

स्थिति को नियंत्रण में रखने के लिए तीन जनपदों की पुलिस फोर्स को मौके पर लगाया गया। घटना की जानकारी मिलते ही एडीजी अशोक मुथा जैन, डीआईजी संजीव त्यागी, एसपी संदीप कुमार मीणा और डीएम आलोक कुमार भी घटनास्थल पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया।

आरोपी की गिरफ्तारी और एनकाउंटर की मांग

घटना के बाद मुख्य आरोपी नासिर अली फरार बताया जा रहा है। पुलिस उसकी तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है। वहीं मृतक के परिजन आरोपी के एनकाउंटर की मांग पर अड़े रहे। मृतक की पत्नी मीना ने कहा कि उन्हें न्याय के रूप में “जान के बदले जान” चाहिए।

परिजनों और ग्रामीणों ने आरोपी के मकान पर बुलडोजर कार्रवाई की मांग भी उठाई है। हालांकि प्रशासन ने कानून के तहत सख्त कार्रवाई का भरोसा दिलाते हुए लोगों को शांत कराया।

पुलिस ने दिया सख्त कार्रवाई का आश्वासन

संतकबीरनगर के पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीणा ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि कुछ दिन पहले दोनों पक्षों के बीच विवाद हुआ था। उसी रंजिश में हत्या की वारदात को अंजाम दिया गया। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और पूरे गांव में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। पुलिस का कहना है कि मामले में शामिल किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा और कानून के अनुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Back to top button