प्रोफेसर कॉलोनी के एक घर में चोरी करने वाला गिरफ्तार, ज्वेलरी कारोबारी भी चढ़ा पुलिस के हत्थे
गिरिडीह के नगर थाना क्षेत्र के न्यू बरगंडा प्रोफेसर कॉलोनी में सेवानिवृत्त प्रधानाध्यापक शिवनारायण पांडेय के घर में हुई चोरी की घटना का खुलासा पुलिस ने कर लिया है।

प्रोफेसर कॉलोनी के एक घर में चोरी करने वाला गिरफ्तार, ज्वेलरी कारोबारी भी चढ़ा पुलिस के हत्थे
गिरिडीह, मनोज कुमार।
गिरिडीह के नगर थाना क्षेत्र के न्यू बरगंडा प्रोफेसर कॉलोनी में सेवानिवृत्त प्रधानाध्यापक शिवनारायण पांडेय के घर में हुई चोरी की घटना का खुलासा पुलिस ने कर लिया है। शुक्रवार को नगर थाना परिसर में आयोजित प्रेस वार्ता में डीएसपी वन नीरज कुमार सिंह ने मामले का उद्भेदन करते हुए बताया कि चोरी की वारदात में शामिल दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के बरवाडीह पहाड़ीडीह निवासी हाशिम अंसारी उर्फ लुटेरा और नगर थाना क्षेत्र के कुटिया मंदिर रोड निवासी ज्वेलरी कारोबारी रूपेश ठाकुर के रूप में की गई है।

डीएसपी नीरज सिंह ने बताया कि हाशिम ने रूपेश ठाकुर को चोरी की गई सोना चांदी 1 लाख रुपये में बेचा था और 39 हजार रुपये अग्रिम रूप से प्राप्त किए थे। पुलिस ने दोनों की निशानदेही पर चोरी का गलाया हुआ सोने लगभग 5.5 ग्राम और गलाया हुआ चांदी लगभग 50.70 ग्राम बरामद किया गया। साथ ही कहा कि 1 अक्टूबर को शिवनारायण पांडे के घर में रसोईघर की खिड़की उखाड़कर चोरी की गई थी। घटना के समय पांडे अपने परिवार के साथ पूजा में शामिल होने के लिए बेंगाबाद थाना क्षेत्र के भंवरडीह गए हुए थे।

मामले की जांच के लिए नगर थाना प्रभारी ज्ञान रंजन कुमार के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया था। टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और गुप्त सूचना के आधार पर मुख्य आरोपी हाशिम अंसारी को उसके घर से गिरफ्तार किया। पूछताछ के क्रम में उसने अपराध स्वीकार करते हुए बताया कि चोरी किए गए आभूषणों को उसने रूपेश ठाकुर को बेचा था।

इसके बाद पुलिस ने ज्वेलरी कारोबारी रूपेश ठाकुर को भी गिरफ्तार कर लिया। दोनों के पास से चोरी की गई संपत्ति बरामद कर ली गई है। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों हाशिम से पूछताछ करते हुए पता चला इनके नगर थाना में 4 आपराधिक मामला दर्ज है




