डिजिटल पहचान से बढ़ाया गिरिडीह का मान, राज्य स्तरीय समारोह में सम्मानित हुए सोशल मीडिया क्रिएटर निशांत गुप्ता l
सोशल मीडिया के माध्यम से गिरिडीह और झारखंड की सकारात्मक पहचान को देश-दुनिया तक पहुंचाने वाले युवा कंटेंट क्रिएटर निशांत गुप्ता ने एक और उपलब्धि अपने नाम की है।

डिजिटल पहचान से बढ़ाया गिरिडीह का मान, राज्य स्तरीय समारोह में सम्मानित हुए सोशल मीडिया क्रिएटर निशांत गुप्ता
गिरिडीह, मनोज कुमार।
गिरिडीह : सोशल मीडिया के माध्यम से गिरिडीह और झारखंड की सकारात्मक पहचान को देश-दुनिया तक पहुंचाने वाले युवा कंटेंट क्रिएटर निशांत गुप्ता ने एक और उपलब्धि अपने नाम की है। उन्हें रांची में आयोजित राज्य स्तरीय डिजिटल क्रिएटर्स मीट–2026 के दौरान मतदाता जागरूकता अभियान में उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मानित किया गया।

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी, झारखंड के कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में निशांत गुप्ता को स्वीप (व्यवस्थित मतदाता शिक्षा एवं चुनावी भागीदारी) अभियान के तहत विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर)-2026 को लेकर डिजिटल माध्यम से जनजागरूकता फैलाने और लोकतांत्रिक प्रक्रिया में लोगों की भागीदारी बढ़ाने के लिए प्रशंसा प्रमाण-पत्र प्रदान किया गया।
इस राज्य स्तरीय कार्यक्रम में झारखंड के विभिन्न जिलों से करीब 80 डिजिटल क्रिएटर्स और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम के दौरान जिम्मेदार डिजिटल कंटेंट, फेक न्यूज़ से बचाव, मतदाता जागरूकता और लोकतंत्र को मजबूत बनाने में सोशल मीडिया की भूमिका पर विस्तृत चर्चा हुई।
सम्मान प्राप्त करने के बाद निशांत गुप्ता ने कहा कि यह सम्मान उनके लिए गर्व का विषय होने के साथ-साथ समाज के प्रति उनकी जिम्मेदारी को और बढ़ाने वाला है। उन्होंने मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी, झारखंड एवं स्वीप टीम का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे आगे भी जनहित, लोकतांत्रिक मूल्यों और सामाजिक जागरूकता से जुड़े संदेशों को डिजिटल माध्यम से लोगों तक पूरी जिम्मेदारी के साथ पहुंचाते रहेंगे।
गौरतलब है कि निशांत गुप्ता “गिरिडीह अपडेट्स” नाम से इंस्टाग्राम पेज संचालित करते हैं, जिसके तीन लाख से अधिक फॉलोअर्स हैं। अपने वीडियो और रील्स के माध्यम से वे गिरिडीह सहित पूरे झारखंड की प्राकृतिक सुंदरता, ऐतिहासिक स्थलों, धार्मिक पर्यटन और स्थानीय संस्कृति को लगातार राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिला रहे हैं। इसी उत्कृष्ट कार्य के लिए उन्हें पूर्व में भी कई मंचों पर सम्मानित किया जा चुका है।




