गिरिडीह के लोकाय में संदिग्ध हालात में विवाहिता की मौत, मायके पक्ष ने ससुरालवालों पर हत्या का आरोप, पति हिरासत में, पुलिस जांच जारी
गिरिडीह जिले के तिसरी प्रखंड अंतर्गत लोकाय पंचायत के पनियाय गांव में एक विवाहिता का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से पूरे गांव में सनसनी फैल गई।

गिरिडीह के लोकाय में संदिग्ध हालात में विवाहिता की मौत, मायके पक्ष ने ससुरालवालों पर हत्या का आरोप, पति हिरासत में, पुलिस जांच जारी
गिरिडीह, मनोज कुमार।
गिरिडीह : गिरिडीह जिले के तिसरी प्रखंड अंतर्गत लोकाय पंचायत के पनियाय गांव में एक विवाहिता का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से पूरे गांव में सनसनी फैल गई। लोकाय थाना क्षेत्र के पनियाय गांव निवासी सूरजमुनि मरांडी की मौत को लेकर मृतका के मायके पक्ष ने ससुरालवालों पर हत्या का गंभीर आरोप लगाया है।

घटना की जानकारी मंगलवार सुबह तब हुई, जब परिजनों ने सूरजमुनि को मृत अवस्था में पाया। वहीं मृतका की सास का कहना है कि सोमवार शाम को सूरजमुनि ने जहर खा लिया था, जिसके बाद उसे तिसरी स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार किया गया।हालांकि, मायके पक्ष ने इस दावे को सिरे से खारिज करते हुए इसे आत्महत्या नहीं बल्कि हत्या बताया है।

मृतका के परिजनों के अनुसार, सूरजमुनि की शादी करीब छह महीने पहले हुई थी। वह हाल ही में सोहराय पर्व को लेकर मायके आई हुई थी। बताया गया कि सोमवार को पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था, जिसके बाद परिजनों ने समझा-बुझाकर सूरजमुनि को उसके ससुराल पनियाय भेज दिया। उसी रात उसकी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई।

मृतका के पिता अरुण मरांडी ने आरोप लगाया कि उनकी बेटी के गले पर दाग के निशान थे, जिससे उन्हें हत्या की आशंका है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
इधर, घटना की सूचना मिलते ही लोकाय थाना प्रभारी अमित कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की छानबीन शुरू की। प्रारंभिक जांच के बाद पुलिस ने मृतका के पति अशोक मुर्मू को हिरासत में लेकर लोकाय थाना ले गई है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा।



