JPSC-JSSC भर्ती घोटालों के विरोध में भाजयुमो का आक्रोश मार्च, राज्यपाल के नाम उपायुक्त को सौंपा ज्ञापन
झारखंड में JPSC एवं JSSC भर्ती प्रक्रियाओं में सामने आए कथित घोटालों के विरोध और आंदोलनरत छात्रों के समर्थन में शनिवार को भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) गिरिडीह महानगर के तत्वावधान में आक्रोश प्रदर्शन और पैदल मार्च का आयोजन किया गया।

JPSC-JSSC भर्ती घोटालों के विरोध में भाजयुमो का आक्रोश मार्च, राज्यपाल के नाम उपायुक्त को सौंपा ज्ञापन
गिरिडीह, मनोज कुमार
गिरिडीह : झारखंड में JPSC एवं JSSC भर्ती प्रक्रियाओं में सामने आए कथित घोटालों के विरोध और आंदोलनरत छात्रों के समर्थन में शनिवार को भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) गिरिडीह महानगर के तत्वावधान में आक्रोश प्रदर्शन और पैदल मार्च का आयोजन किया गया। बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता, युवा और छात्र पपरवाटांड़ दुर्गा मंडा के समीप एकत्रित हुए, जहां से समाहरणालय तक पैदल मार्च निकाला गया।

प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया, युवाओं को न्याय तथा कथित भर्ती घोटालों की उच्चस्तरीय जांच की मांग को लेकर जमकर नारेबाजी की। समाहरणालय के मुख्य द्वार पर आयोजित सभा में वक्ताओं ने कहा कि JPSC और JSSC भर्ती प्रक्रियाओं में हुई कथित अनियमितताओं से लाखों अभ्यर्थियों का भविष्य प्रभावित हुआ है। उन्होंने राज्य सरकार से जवाबदेही तय करने, दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करने तथा भर्ती प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी बनाने की मांग की।
भाजयुमो प्रदेश मंत्री संजीव कुमार ने कहा कि पार्टी राज्य के प्रत्येक छात्र और युवा के साथ मजबूती से खड़ी है। उन्होंने आरोप लगाया कि कथित भर्ती घोटालों ने मेहनती युवाओं का विश्वास तोड़ा है, जिसे किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जा सकता।
भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य दिनेश प्रसाद यादव ने कहा कि युवाओं को निष्पक्ष, पारदर्शी और समयबद्ध भर्ती प्रक्रिया मिलना उनका अधिकार है। इसी मांग को लेकर लोकतांत्रिक तरीके से विरोध प्रदर्शन किया जा रहा है।

जिला मंत्री सह सांसद प्रतिनिधि सुरेश प्रसाद मंडल ने राज्य सरकार पर युवाओं से किए गए रोजगार संबंधी वादों को पूरा नहीं करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि सरकार को भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित कर युवाओं को न्याय देना चाहिए।
प्रदर्शन के बाद उपायुक्त गिरिडीह के माध्यम से राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में JPSC एवं JSSC भर्ती प्रक्रियाओं की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच, दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई, अभ्यर्थियों के साथ हुए अन्याय का समाधान तथा भविष्य में पारदर्शी भर्ती व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की गई।
कार्यक्रम में भाजपा एवं भाजयुमो के कई पदाधिकारी, कार्यकर्ता तथा बड़ी संख्या में छात्र-युवा शामिल रहे। इनमें जिला महामंत्री संदीप डंगाईच, जिला उपाध्यक्ष देवराज एवं संगीता सेठ, जिला मंत्री सुरेश प्रसाद मंडल, पूर्व मेयर सुनील पासवान, पूर्व जिलाध्यक्ष महादेव दुबे, मंडल अध्यक्ष कुंदन सिंह सहित अनेक भाजपा एवं भाजयुमो पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित थे।




