सर जे सी बोस की धरोहर को संरक्षित करे सरकार : शंकर पाण्डेय
सर जे सी बोस मेमोरियल सोसायटी ने मनाई सर जे सी बोस की पुण्यतिथि

सर जे सी बोस की धरोहर को संरक्षित करे सरकार : शंकर पाण्डेय
सर जे सी बोस मेमोरियल सोसायटी ने मनाई सर जे सी बोस की पुण्यतिथि
गिरिडीह, मनोज कुमार।
गिरिडीह: महान वैज्ञानिक आचार्य जगदीश चन्द्र बसु की 85वीं पुण्यतिथि पर बुधवार को सर जे सी बोस मेमोरियल सोसायटी के तत्वावधान में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि शंकर पाण्डेय ने सर जे सी बोस विज्ञान भवन के अंदर स्थापित आचार्य जगदीश चन्द्र बसु की मूर्ति पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धा सुमन अर्पित किया।

इसके बाद सोसायटी के सभी सदस्यों ने पुष्पांजलि देकर महान वैज्ञानिक को नमन किया। कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि नवीन कुमार सिन्हा ने जेसी बोस चौक पर स्थित आचार्य जगदीश चन्द्र बसु की मूर्ति पर माल्यार्पण किया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि शंकर पाण्डेय ने कहा कि हम सभी गिरिडीह के नागरिकों के लिए गर्व की बात है कि इतने महान वैज्ञानिक की स्मृति धरोहर गिरिडीह में मौजूद है, जहां 1937 में उनकी मृत्यु हुई थी। राज्य सरकार को इसके संरक्षण और संवर्धन के लिए गंभीरता से प्रयास करना चाहिए। विशिष्ट अतिथि नवीन कुमार सिन्हा ने कहा कि हम सभी के प्रिय महान वैज्ञानिक की जन्मतिथि और पुण्यतिथि पर सरकार और जिला प्रशासन द्वारा भव्य आयोजन होना चाहिए, ताकि नई पीढ़ी विज्ञान और वैज्ञानिक के प्रति जागरूक हो सके। श्रद्धांजलि कार्यक्रम में सर जे सी बोस मेमोरियल सोसायटी के अध्यक्ष प्रभाकर कुमार, सचिव रीतेश सराक, कोषाध्यक्ष सुधांशु कुमार, पंकज कुमार, पवन सिन्हा, रामजी यादव, अलोक रंजन, बिनोद कुमार और अन्य सदस्य शामिल थे।



