सड़क सुरक्षा अभियान में प्रशासन सख्त, बेंगाबाद से खंडोली चौक तक चला जांच अभियान, स्कूली बसों की भी हुई पड़ताल
सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित कराने को लेकर गिरिडीह जिला प्रशासन ने सड़क सुरक्षा पखवाड़ा के तहत अभियान तेज कर दिया है।

सड़क सुरक्षा अभियान में प्रशासन सख्त, बेंगाबाद से खंडोली चौक तक चला जांच अभियान, स्कूली बसों की भी हुई पड़ताल
गिरिडीह : मनोज कुमार।
गिरिडीह : सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित कराने को लेकर गिरिडीह जिला प्रशासन ने सड़क सुरक्षा पखवाड़ा के तहत अभियान तेज कर दिया है। उपायुक्त रामनिवास यादव के निर्देश पर शुक्रवार को बेंगाबाद थाना एवं खंडोली चौक के समीप जिला परिवहन विभाग, मोटरयान निरीक्षक और यातायात पुलिस की संयुक्त टीम ने जागरूकता एवं जांच अभियान चलाया।

अभियान के दौरान बिना हेलमेट, बिना सीटबेल्ट और बिना वैध ड्राइविंग लाइसेंस के वाहन चलाने वाले चालकों को रोककर यातायात नियमों की जानकारी दी गई। जिला परिवहन पदाधिकारी संतोष कुमार ने वाहन चालकों को सड़क सुरक्षा के प्रति जिम्मेदार बनने की अपील की। उन्होंने कहा कि हेलमेट और सीटबेल्ट केवल चालान से बचने के लिए नहीं, बल्कि अनमोल जिंदगी की सुरक्षा के लिए जरूरी हैं। थोड़ी सी लापरवाही भी गंभीर दुर्घटना का कारण बन सकती है।
स्कूली बसों की जांच, बच्चों की सुरक्षा पर विशेष जोर
संयुक्त अभियान के दौरान स्कूली बसों का भी सघन निरीक्षण किया गया। अधिकारियों ने बसों में प्राथमिक उपचार किट, अग्निशमन यंत्र, खिड़कियों पर सुरक्षा जाली समेत अन्य निर्धारित सुरक्षा मानकों की जांच की। बस चालकों को बच्चों की सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने और सभी सुरक्षा नियमों का अनिवार्य रूप से पालन करने का निर्देश दिया गया।

चालकों को बांटी गई जागरूकता सामग्री
अभियान के दौरान वाहन चालकों के बीच सड़क सुरक्षा से संबंधित जागरूकता सामग्री का वितरण भी किया गया। अधिकारियों ने दोपहिया चालकों से हेलमेट पहनने, चारपहिया वाहन चालकों से सीटबेल्ट लगाने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने और वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल नहीं करने की अपील की।
जिला परिवहन पदाधिकारी संतोष कुमार ने कहा कि सड़क सुरक्षा प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। जिला प्रशासन का उद्देश्य जागरूकता और जांच अभियान के माध्यम से यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित कराना तथा सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सड़क सुरक्षा को लेकर जिले में इस तरह के अभियान आगे भी जारी रहेंगे।




