वेनेजुएला पर अमेरिकी हमले के विरोध में माले ने गिरिडीह में फूंका ट्रंप का पुतला, 16 जनवरी को होने वाले शहीद महेंद्र सिंह की शहादत दिवस पर चर्चा किया गया
गिरिडीह वेनेजुएला पर अमेरिकी हमले के विरोध में रविवार को सीपीआई(एमएल) की जिला कमेटी की ओर से पपरवाटांड स्थित माले जिला कार्यालय, गिरिडीह में बैठक के बाद अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का पुतला दहन किया गया।

वेनेजुएला पर अमेरिकी हमले के विरोध में माले ने गिरिडीह में फूंका ट्रंप का पुतला, 16 जनवरी को होने वाले शहीद महेंद्र सिंह की शहादत दिवस पर चर्चा किया गया
गिरिडीह, मनोज कुमार।
गिरिडीह : वेनेजुएला पर अमेरिकी हमले के विरोध में रविवार को सीपीआई(एमएल) की जिला कमेटी की ओर से पपरवाटांड स्थित माले जिला कार्यालय, गिरिडीह में बैठक के बाद अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का पुतला दहन किया गया। इस दौरान ट्रंप के खिलाफ जोरदार नारे लगाए गए और 16 जनवरी को होने वाले शहीद कॉमरेड महेंद्र सिंह की शहादत दिवस पर चर्चा किया गया। कार्यक्रम में दर्जनों की संख्या में पार्टी कार्यकर्ता और नेता मौजूद रहे।

पुतला दहन के बाद प्रेस को संबोधित करते हुए सीपीआई(एमएल) के नेता सह पूर्व विधायक राजकुमार यादव ने कहा कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा वेनेजुएला के राष्ट्रपति एवं उनकी पत्नी को आंखों पर पट्टी बांधकर अमेरिका लाया जाना मानवाधिकारों का घोर उल्लंघन है। उन्होंने कहा कि वेनेजुएला की वामपंथी सरकार एक मिसाल है, लेकिन अमेरिका वहां के तेल भंडार पर कब्जा जमाने की नीयत से दादागिरी कर रहा है। निर्वाचित सरकार को सैन्य ताकत के बल पर तहस-नहस किया जा रहा है, जिसका माले कड़ा विरोध करता है।

उन्होंने कहा कि पार्टी की केंद्रीय कमेटी ने निर्णय लिया है कि पूरे देश में अमेरिकी साम्राज्यवाद के खिलाफ व्यापक विरोध अभियान चलाया जाएगा। साथ ही उन्होंने केंद्र सरकार पर मनरेगा का नाम बदलने और मजदूरों की मजदूरी न बढ़ाने का आरोप लगाया।
जिला कमेटी के सचिव अशोक पासवान ने कहा कि अमेरिका की दादागिरी किसी भी हाल में नहीं चलने दी जाएगी। उन्होंने सवाल उठाया कि भारत सरकार इस मुद्दे पर चुप क्यों है। साथ ही जमुआ में बार-बार हो रही गोलीबारी पर चिंता जताते हुए जिला प्रशासन से तत्काल संज्ञान लेने की मांग की।

माले के वरिष्ठ नेता पूरन महतो ने कहा कि माले नाजायज और अन्यायपूर्ण नीतियों का लगातार विरोध करता रहेगा और इसके लिए जनता को भी एकजुट होने की जरूरत है। वहीं माले नेता राजेश सिन्हा ने कहा कि डोनाल्ड ट्रंप बार-बार दुनिया पर तानाशाही थोपने की कोशिश कर रहे हैं, जिसका हर जगह विरोध होना चाहिए।
कार्यक्रम के दौरान यह भी बताया गया कि सीएमआर फैक्ट्री में काम करने वाले मजदूरों को राजेश सिन्हा की पहल पर फिर से काम पर रखा गया है। उन्होंने श्रम अधीक्षक, फैक्ट्री मैनेजर और मजदूरों से बातचीत कर सभी को पुनः बहाल कराने की प्रक्रिया शुरू कराई। नगर निगम द्वारा 24 के बाद 45 दुकानों को तोड़ने की घोषणा पर भी चिंता जताई गई और विस्थापितों को अब तक वैकल्पिक व्यवस्था न मिलने का मुद्दा उठाया गया। इस पर पूर्व विधायक ने प्रभावितों को हाईकोर्ट जाने की सलाह दी और आंदोलन में साथ देने की बात कही।
जीतपुर में ब्राह्मण परिवार के एक दिव्यांग व्यक्ति के घर को वन विभाग द्वारा तोड़े जाने के मामले में माले की टीम द्वारा जांच कर आंदोलन के जरिए घर दोबारा बनवाने का आश्वासन दिया गया।
आज के कार्यक्रम में प्रखंड सचिव मसूदन कोल, नौशाद आलम, लखन कोल, मजहर, कन्हैया सिंह, भीम कोल, धनेश्वर कोल, किशोरी राय, राजन तुरी, प्रसादी राय, गुलाब कोल, मोहन कोल, लूटन दास, सकलदेव कोल, किशुन कोल, विभु कोल, भुनेश्वर कोल, धूमा टुड्डू, चंदन टुडू समेत करीब तीस पार्टी कर्मी उपस्थित रहे।




