रामनवमी पर गिरिडीह में उमड़ा जनसैलाब, अखाड़ों में दिखा शौर्य और भक्ति का अद्भुत संगम विभिन्न अखाड़ा कमिटी ने सुंदर झांकियां की दी प्रस्तुति
भगवान राम के जन्मोत्सव और सनातन संस्कृति के शौर्य-पराक्रम के प्रतीक महापर्व रामनवमी के अवसर पर शुक्रवार की शाम गिरिडीह की सड़कों पर भक्ति और उत्साह का अद्भुत नज़ारा देखने को मिला।

रामनवमी पर गिरिडीह में उमड़ा जनसैलाब, अखाड़ों में दिखा शौर्य और भक्ति का अद्भुत संगम विभिन्न अखाड़ा कमिटी ने सुंदर झांकियां की दी प्रस्तुति
गिरिडीह : मनोज कुमार।
गिरिडीह : भगवान राम के जन्मोत्सव और सनातन संस्कृति के शौर्य-पराक्रम के प्रतीक महापर्व रामनवमी के अवसर पर शुक्रवार की शाम गिरिडीह की सड़कों पर भक्ति और उत्साह का अद्भुत नज़ारा देखने को मिला। शहर के विभिन्न अखाड़ों में रामभक्तों का जनसैलाब उमड़ पड़ा, जहां जय श्री राम के गगनभेदी नारों से पूरा वातावरण गुंजायमान हो उठा।

अखाड़ों में शामिल रामभक्त पारंपरिक लाठी, तलवार सहित विभिन्न अस्त्र-शस्त्रों के साथ प्रदर्शन करते नजर आए। भगवा पगड़ी पहने युवाओं ने शहर के विभिन्न मार्गों पर अपनी कला और परंपरा का प्रदर्शन किया, जिससे माहौल पूरी तरह भक्तिमय और ऊर्जावान हो गया।

विभिन्न अखाड़ा समितियों द्वारा आकर्षक और मनमोहक झांकियां प्रस्तुत की गईं, जिन्होंने लोगों का ध्यान अपनी ओर खींचा। इन झांकियों का मूल्यांकन कर जिला प्रशासन द्वारा सर्वश्रेष्ठ झांकियों को प्रथम, द्वितीय और तृतीय पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।

इस दौरान जिला प्रशासन द्वारा बनाए गए मुख्य मंच पर नगर विकास मंत्री सुदीब्य कुमार सोनू, महापौर प्रमिला मेहरा और उपमहापौर सुमित कुमार उपस्थित रहे। मंचों से खिलाड़ियों और प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया गया।

सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क दिखा। उपायुक्त रामनिवास यादव, पुलिस अधीक्षक डॉ. विमल कुमार, डीडीसी स्मृति कुमारी, सदर एसडीएम श्रीकांत यशवंत, डीएसपी नीरज सिंह और नगर थाना प्रभारी रतन सिंह सहित प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों की टीम पूरे आयोजन पर नजर बनाए रही। शहर के विभिन्न हिस्सों में पुलिस बल की तैनाती की गई थी, जिससे कार्यक्रम शांतिपूर्ण और सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

कार्यक्रम में विहिप, बजरंग दल, अंतरराष्ट्रीय हिंदू परिषद, दुर्गा वाहिनी, जेएमएम, माहुरी नवयुवक समिति और मारवाड़ी युवा मंच सहित कई संगठनों ने अपने-अपने मंच सजाकर कार्यक्रम में सक्रिय भागीदारी निभाई। इन मंचों से खिलाड़ियों और कलाकारों का उत्साह बढ़ाया गया।
रामनवमी के इस भव्य आयोजन ने गिरिडीह में धार्मिक आस्था, परंपरा और सामाजिक एकता का एक सशक्त संदेश दिया।




