पलामू – खाटूश्यामजी के भव्य मंदिर निर्माण में राष्ट्रीय परशुराम युवा वाहिनी का बढ़ा सहयोग का हाथ
मेदिनीनगर के माली मुहल्ला में नवनिर्मित भव्य खाटूश्यामजी मंदिर के निर्माण कार्य का राष्ट्रीय परशुराम युवा वाहिनी परिवार की ओर से भ्रमण एवं निरीक्षण किया गया।

पलामू – खाटूश्यामजी के भव्य मंदिर निर्माण में राष्ट्रीय परशुराम युवा वाहिनी का बढ़ा सहयोग का हाथ
मुख्य संरक्षक अर्जुन पाण्डेय उर्फ गुरु पाण्डेय के नेतृत्व में मंदिर निर्माण कार्य का निरीक्षण, संजना पाण्डेय ने राष्ट्रीय परशुराम युवा वाहिनी की ओर से ₹5.11 लाख सहयोग की घोषणा कर सौंपा चेक
पलामू : मेदिनीनगर के माली मुहल्ला में नवनिर्मित भव्य खाटूश्यामजी मंदिर के निर्माण कार्य का राष्ट्रीय परशुराम युवा वाहिनी परिवार की ओर से भ्रमण एवं निरीक्षण किया गया। इस अवसर पर संगठन के धर्मनिष्ठ सनातनी धर्मरक्षक एवं मुख्य संरक्षक आदरणीय श्री अर्जुन पाण्डेय उर्फ गुरु पाण्डेय जी के नेतृत्व में संगठन के प्रतिनिधियों ने मंदिर परिसर पहुंचकर निर्माण कार्यों का जायजा लिया तथा मंदिर की भव्यता, दिव्यता एवं धार्मिक स्वरूप की सराहना की।

इस अवसर पर सबसे महत्वपूर्ण एवं प्रेरणादायी पहल मुख्य संरक्षक श्री अर्जुन पाण्डेय की पुत्रवधू एवं खाटूश्यामजी की परम भक्त श्रीमती संजना पाण्डेय की ओर से देखने को मिली। उन्होंने मंदिर की भव्यता एवं धार्मिक महत्व से अभिभूत होकर मंदिर निर्माण एवं धार्मिक कार्यों के लिए सहयोग राशि बढ़ाकर देने के लिए प्रेरित किया। तत्काल आदरणीय गुरु पाण्डेय जी के निर्देश पर संजना पाण्डेय ने पांच लाख ग्यारह हजार रुपए सहयोग राष्ट्रीय परशुराम युवा वाहिनी की ओर समर्पित करने की घोषणा की तथा तत्काल मंदिर समिति को चेक सौंपकर अपनी श्रद्धा और समर्पण का परिचय दिया। उनके इस पुनीत सहयोग की उपस्थित लोगों ने सराहना की।
इस अवसर पर मुख्य संरक्षक श्री अर्जुन पाण्डेय उर्फ गुरु पाण्डेय जी ने कहा कि सनातन धर्म, संस्कृति एवं धार्मिक आस्था से जुड़े कार्यों में सहयोग करना प्रत्येक सनातनी का नैतिक दायित्व है। खाटूश्यामजी का यह भव्य मंदिर मेदिनीनगर की धार्मिक पहचान को और समृद्ध करेगा तथा आने वाली पीढ़ियों के लिए आस्था, भक्ति और संस्कार का महत्वपूर्ण केंद्र बनेगा। उन्होंने स्पष्ट कहा कि मेदिनीनगर सहित पूरे पलामू में सनातन धर्म एवं धार्मिक-सांस्कृतिक गतिविधियों के लिए राष्ट्रीय परशुराम युवा वाहिनी परिवार का सहयोग निरंतर बढ़-चढ़कर मिलता रहेगा। संगठन केवल विचारों तक सीमित नहीं, बल्कि सेवा, सहयोग और समर्पण के माध्यम से सनातन संस्कृति के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए प्रतिबद्ध है।
वहीं श्रीमती संजना पाण्डेय ने खाटूश्यामजी की महिमा, उनकी भक्ति एवं सेवा भावना पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए कहा कि बाबा श्याम के प्रति श्रद्धा केवल पूजा-अर्चना तक सीमित नहीं है, बल्कि जरूरतमंदों की सेवा, समाज में सकारात्मकता और धार्मिक कार्यों में सहभागिता भी सच्ची भक्ति का महत्वपूर्ण स्वरूप है। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं एवं समाज के लोगों से इस दिव्य मंदिर के निर्माण एवं धार्मिक कार्यों में यथासंभव सहयोग करने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि धार्मिक स्थलों का निर्माण केवल ईंट-पत्थरों से नहीं, बल्कि श्रद्धा, विश्वास, सामूहिक सहभागिता और समर्पण से होता है। ऐसे पुनीत कार्यों में समाज के प्रत्येक व्यक्ति की भागीदारी मंदिर की दिव्यता को और बढ़ाती है।
राष्ट्रीय परशुराम युवा वाहिनी परिवार की इस पहल को पलामू में धार्मिक एवं सांस्कृतिक चेतना को मजबूत करने की दिशा में एक सकारात्मक कदम माना जा रहा है। ₹5.11 लाख की सहयोग राशि की घोषणा एवं चेक सौंपे जाने से मंदिर निर्माण कार्य को निश्चित रूप से प्रोत्साहन मिलेगा।
इस अवसर पर वार्ड पार्षद नवीन प्रसाद उर्फ लाल बाबू, रौशन चौरसिया, प्रतिनिधि बिल्लू सिंह, कांग्रेस नेता नसीम खान, मंदिर समिति के अध्यक्ष विमल केजरीवाल, उपाध्यक्ष दीपू सिंघानिया, सचिव सुशील लाठ, कोषाध्यक्ष विमल उदयपुरी, राष्ट्रीय परशुराम युवा वाहिनी के जिलाध्यक्ष मनीष ओझा, प्रदेश सचिव आशुतोष पाण्डेय लकी, कोषाध्यक्ष राकेश पाण्डेय, जिला सचिव दिलीप तिवारी, अमित पाण्डेय, सुनील पाण्डेय, अरविंद पाण्डेय, रवि ओझा, नीरज दुबे समेत दर्जनों युवा वाहक मौजूद रहे।



