पलामू – अवैध खनन के खिलाफ सख्ती, सितंबर-अक्टूबर में 34 वाहन जब्त,35.95 लाख रुपये जुर्माना वसूला
अवैध खनन एवं खनिजों के अवैध परिवहन पर रोक लगाने को लेकर जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। इस संबंध में मंगलवार को जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत की अध्यक्षता में समाहरणालय सभाकक्ष में जिला खनन टास्क फोर्स की बैठक आयोजित की गई।

पलामू – अवैध खनन के खिलाफ सख्ती, सितंबर-अक्टूबर में 34 वाहन जब्त,35.95 लाख रुपये जुर्माना वसूला
खनन, परिवहन और पुलिस विभाग संयुक्त रूप से चलाएंगे छापेमारी अभियान
पलामू : जिले में अवैध खनन एवं खनिजों के अवैध परिवहन पर रोक लगाने को लेकर जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। इस संबंध में मंगलवार को जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत की अध्यक्षता में समाहरणालय सभाकक्ष में जिला खनन टास्क फोर्स की बैठक आयोजित की गई। बैठक में पूर्व की बैठक में दिए गए निर्देशों के अनुपालन की समीक्षा के साथ-साथ विभिन्न विभागों द्वारा की गई कार्रवाई का जायजा लिया गया।

बैठक में जिला खनन पदाधिकारी सुनील कुमार ने बताया कि सितंबर एवं अक्टूबर माह में खनन विभाग की ओर से अवैध खनन एवं परिवहन के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए 34 वाहनों को जब्त किया गया है। इस दौरान 35 लाख 95 हजार रुपये जुर्माना की वसूली की गई तथा 10 प्राथमिकी भी दर्ज की गई हैं। वहीं, जिला परिवहन विभाग ने 31 वाहनों को जब्त कर 7 लाख 42 हजार रुपये जुर्माना वसूला है। वन विभाग की ओर से इस अवधि में कोई वाद दर्ज नहीं किया गया।
विभिन्न अंचलों की कार्रवाई की समीक्षा में बताया गया कि कुल 35 वाहन जब्त किए गए हैं। इनमें सर्वाधिक 9 वाहन छतरपुर अंचल से जब्त किए गए। वहीं विश्रामपुर, हैदरनगर, पांकी, तरहसी, मोहम्मदगंज, नौडीहा बाजार एवं उंटारी रोड अंचल में इस अवधि में एक भी वाहन जब्त नहीं किया गया।
उपायुक्त श्री शेखावत ने अवैध खनन एवं परिवहन के विरुद्ध अभियान में तेजी लाने और नियमित रूप से सघन छापेमारी करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि खनन से संबंधित सभी गतिविधियों का संचालन निर्धारित नियमों के अनुरूप होना चाहिए। नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने खनन, परिवहन एवं पुलिस विभाग को आपसी समन्वय के साथ संयुक्त अभियान चलाने, चेकपोस्टों पर नियमित जांच करने तथा खनन क्षेत्रों की सतत निगरानी सुनिश्चित करने को कहा।
उपायुक्त श्री शेखावत ने निर्देश दिया कि अवैध खनन अथवा परिवहन की सूचना मिलते ही त्वरित कार्रवाई की जाए। इसके लिए वन विभाग, पुलिस एवं अंचल प्रशासन को आपसी तालमेल के साथ निगरानी करने की जरूरत है।बैठक में पुलिस अधीक्षक कपिल चौधरी ने थाना प्रभारियों को अवैध खनन एवं परिवहन के मामलों में सक्रियता बरतने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि किसी क्षेत्र में एक भी वाहन जब्त नहीं होना संबंधित थाना प्रभारी की निष्क्रियता को दर्शाता है।डीसी ने खनन से संबंधित जुर्माने के नए प्रावधानों की जानकारी सभी अंचलाधिकारियों एवं थाना प्रभारियों को देने की भी बात कही।बैठक में सदर अनुमंडल पदाधिकारी संजय पांडेय, जिला परिवहन पदाधिकारी प्रमोद कुमार सहित विभिन्न अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी एवं थाना प्रभारी उपस्थित थे। वहीं, सभी अंचलाधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक में शामिल हुए।




