गोबिंदपुर में दर्दनाक सड़क हादसा, टैंकर ने 11वीं के छात्र को रौंदा, मौके पर मौत
जीटी रोड पर फकीरडीह स्थित सानिया टीवीएस शोरूम के पास आज एक दर्दनाक सड़क हादसे में 11वीं कक्षा के एक छात्र की मौत हो गई।

गोबिंदपुर में दर्दनाक सड़क हादसा, टैंकर ने 11वीं के छात्र को रौंदा, मौके पर मौत
गोबिंदपुर: जीटी रोड पर फकीरडीह स्थित सानिया टीवीएस शोरूम के पास आज एक दर्दनाक सड़क हादसे में 11वीं कक्षा के एक छात्र की मौत हो गई। टैंकर की चपेट में आने से छात्र को गंभीर चोटें आईं और उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। यह घटना आज शाम की है, जब छात्र ट्यूशन से पढ़कर अपने घर लौट रहा था।

मृतक की पहचान जरगड़ी गांव निवासी उत्तम सिंह चौधरी के पुत्र रौशन सिंह चौधरी के रूप में हुई है। रौशन 11वीं का छात्र था और अपने घर वापस जा रहा था, तभी तेज रफ्तार टैंकर ने उसे रौंद दिया। हादसे के बाद टैंकर चालक मौके से फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर जमा हो गए और उन्होंने सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। ग्रामीणों का आरोप है कि इस सड़क पर तेज रफ्तार गाड़ियां अक्सर चलती हैं, जिससे आए दिन हादसे होते रहते हैं, लेकिन प्रशासन कोई ठोस कदम नहीं उठा रहा है। इस घटना ने एक बार फिर से सड़क सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को शांत कराने का प्रयास किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने टैंकर चालक की तलाश शुरू कर दी है और मामले की जांच कर रही है। इस घटना से पूरे इलाके में शोक का माहौल है। रौशन के परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।

