गिरिडीह में भाजपा की भव्य तिरंगा यात्रा, भारत माता की जय के नारों से गूंजा शहर
स्वतंत्रता दिवस के पूर्व भाजपा कार्यकर्ताओं ने गुरुवार को गिरिडीह शहरी क्षेत्र में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली।

गिरिडीह में भाजपा की भव्य तिरंगा यात्रा, भारत माता की जय के नारों से गूंजा शहर
गिरिडीह : स्वतंत्रता दिवस के पूर्व भाजपा कार्यकर्ताओं ने गुरुवार को गिरिडीह शहरी क्षेत्र में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली। झंडा मैदान से शुरू हुई यात्रा में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और आम नागरिक हाथों में तिरंगा लेकर शामिल हुए। “भारत माता की जय” और “वंदे मातरम्” के नारों से पूरा शहर देशभक्ति के रंग में सराबोर नजर आया।

तिरंगा यात्रा पैदल मार्च के रूप में झंडा मैदान से निकलकर टावर चौक, कालीबाड़ी, मौलाना आजाद चौक और शिव मोहल्ला होते हुए बड़ा चौक पहुंचकर समाप्त हुई। यात्रा के दौरान लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला।
गिरिडीह महानगर जिला अध्यक्ष रंजीत राय ने कहा कि तिरंगा महज एक कपड़ा नहीं, बल्कि देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि तिरंगा यात्रा उन वीर जवानों और स्वतंत्रता सेनानियों को नमन करने का अवसर है, जिन्होंने देश की रक्षा और सम्मान के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया। उन्होंने लोगों से राष्ट्र के प्रति अपने दायित्वों का निर्वहन करने का आह्वान किया।

भाजपा नेता व पार्षद संजीव कुमार ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में राष्ट्रभक्ति और राष्ट्रीय एकता की भावना को नई मजबूती मिली है। उन्होंने कहा कि भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता राष्ट्रहित को सर्वोपरि मानकर कार्य करता है।
वहीं भाजपा नेता ने कहा कि समाज के हर वर्ग को एकजुट करने के लिए पार्टी प्रतिबद्ध है। तिरंगा यात्रा इसी एकता और राष्ट्रभक्ति की भावना का प्रत्यक्ष प्रदर्शन है।

आयोजकों ने कहा कि यात्रा का उद्देश्य युवाओं और आम नागरिकों में देश के प्रति प्रेम, सम्मान और जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करना है। भारत की एकता और अखंडता को बनाए रखना प्रत्येक नागरिक का सामूहिक दायित्व है।
कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश मंत्री शालिनी बैसखियार, दिलीप वर्मा, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य सुरेश साव, विनय सिंह, महिला मोर्चा प्रदेश उपाध्यक्ष प्रो. विनीता कुमारी, गिरिडीह महानगर प्रभारी संजय सिंह, नवीन सिन्हा, देवराज, अमर सिन्हा, सुरेश मंडल, सुनील पासवान, सुभाष चंद्र सिन्हा, संजीत सिंह पप्पू, मनोज संगई सहित बड़ी संख्या में भाजपा नेता एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।




