गिरिडीह पहुंचीं केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी, राहुल गांधी पर साधा निशाना, झारखंड सरकार को भी घेरा
केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी सोमवार को गिरिडीह पहुंचीं। इस दौरान उन्होंने SIR (विशेष गहन पुनरीक्षण) के मुद्दे पर कांग्रेस और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर जमकर निशाना साधा।

गिरिडीह पहुंचीं केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी, राहुल गांधी पर साधा निशाना, झारखंड सरकार को भी घेरा
SIR के मुद्दे पर कांग्रेस और राहुल गांधी को लिया आड़े हाथ, बोलीं- विदेशी ताकतों के इशारे पर देश में भ्रम फैलाने का हो रहा प्रयास
गिरिडीह : मनोज कुमार।
गिरिडीह : केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी सोमवार को गिरिडीह पहुंचीं। इस दौरान उन्होंने SIR (विशेष गहन पुनरीक्षण) के मुद्दे पर कांग्रेस और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने राहुल गांधी की बयानबाजी पर सवाल उठाते हुए कहा कि देश की जनता जानती है कि उनकी काबिलियत क्या है। उन्हें यह तक समझ नहीं है कि देश के सामने किस तरह की भाषा का इस्तेमाल करना चाहिए। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि राहुल गांधी मॉक पार्लियामेंट तक ही ठीक हैं।

अन्नपूर्णा देवी ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी विदेशी ताकतों के इशारे पर देश में भ्रम फैलाने का काम कर रहे हैं। उनकी भाषा और बयानबाजी उनकी अपनी नहीं लगती, बल्कि ऐसा प्रतीत होता है कि वे किसी विदेशी रिमोट से संचालित हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को देश की तरक्की और विकास रास नहीं आ रहा है।
झारखंड सरकार पर भी बरसीं केंद्रीय मंत्री
केंद्रीय मंत्री ने झारखंड की हेमंत सोरेन सरकार को भी निशाने पर लिया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने टैक्स और स्टांप ड्यूटी में बढ़ोतरी कर जनता पर आर्थिक बोझ बढ़ाया है। सरकार के कार्यकाल में भ्रष्टाचार चरम पर है और विकास कार्य प्रभावित हो रहे हैं।
उन्होंने खनन व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि राज्य में खनन गतिविधियों को बंद करने के बावजूद अवैध तरीके से खनन करवाया जा रहा है और इससे सरकारी संरक्षण में कुछ लोगों की जेबें भरी जा रही हैं।
राज्य की कानून-व्यवस्था पर चिंता जताते हुए अन्नपूर्णा देवी ने सरायकेला-खरसावां जिले के गम्हरिया थाना क्षेत्र में थाने के अंदर महिला के साथ कथित दुष्कर्म की घटना का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि जब थाने के अंदर ही महिलाएं सुरक्षित नहीं हैं, तो राज्य की कानून-व्यवस्था की स्थिति का अंदाजा लगाया जा सकता है।
उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य सरकार को आम जनता की समस्याओं से कोई सरोकार नहीं है। सरकार जनता के हितों के बजाय अपनी झोली भरने में लगी हुई है।




