गिरिडीह नगर निगम बोर्ड की बैठक में कई विकास योजनाओं को मिली मंजूरी, 42 नए नलकूप स्वीकृत
गिरिडीह नगर निगम सभागार में सोमवार को नगर निगम बोर्ड की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।

गिरिडीह नगर निगम बोर्ड की बैठक में कई विकास योजनाओं को मिली मंजूरी, 42 नए नलकूप स्वीकृत
गिरिडीह, मनोज कुमार।
गिरिडीह : गिरिडीह नगर निगम सभागार में सोमवार को नगर निगम बोर्ड की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में नगर विकास एवं आवास विभाग के मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू, महापौर प्रमिला मेहरा, उप महापौर, नगर आयुक्त विजय सिंह विरुआ तथा नगर निगम के सभी 36 वार्ड पार्षद उपस्थित रहे।

बैठक में शहर के विकास से जुड़े विभिन्न प्रस्तावों पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ने बताया कि सभी वार्ड पार्षदों की सहमति से शहर में 42 नए नलकूपों की स्थापना को मंजूरी दी गई है। वहीं 14 अन्य नलकूपों के प्रस्तावों पर भी विचार-विमर्श किया गया।

मंत्री ने बताया कि इसी दिन 17 करोड़ 39 लाख रुपये की लागत से स्वीकृत 119 विकास योजनाओं का विधिवत शिलान्यास भी किया गया। इन योजनाओं के माध्यम से शहर में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार होगा और नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
बैठक के दौरान पेयजल, सड़क, नाली, स्वच्छता सहित नगर निगम के विभिन्न विकास कार्यों और जनहित से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण मुद्दों पर भी चर्चा हुई। नगर विकास मंत्री ने कहा कि सरकार नगर निगम के माध्यम से शहर के समग्र विकास के लिए लगातार कार्य कर रही है और जनप्रतिनिधियों के सुझावों को प्राथमिकता देते हुए योजनाओं को धरातल पर उतारा जाएगा।




