एसआईआर पर पोटका में झामुमो की रणनीति तैयार, संजीव सरदार बोले- एक भी योग्य मतदाता का नाम नहीं छूटना चाहिए।
झामुमो पोटका प्रखंड कमेटी की बैठक रविवार को प्रखंड अध्यक्ष सुधीर सोरेन की अध्यक्षता में हुई। बैठक में वर्तमान में चल रही एसआईआर प्रक्रिया में विसंगति संबंधी नोटिस को लेकर ग्रामीणों में बनी भ्रांतियों और उनकी समस्याओं पर चर्चा की गई।

एसआईआर पर पोटका में झामुमो की रणनीति तैयार, संजीव सरदार बोले- एक भी योग्य मतदाता का नाम नहीं छूटना चाहिए।
अभिजीत सेन।
जमशेदपुर/पोटका
झामुमो पोटका प्रखंड कमेटी की बैठक रविवार को प्रखंड अध्यक्ष सुधीर सोरेन की अध्यक्षता में हुई। बैठक में वर्तमान में चल रही एसआईआर प्रक्रिया में विसंगति संबंधी नोटिस को लेकर ग्रामीणों में बनी भ्रांतियों और उनकी समस्याओं पर चर्चा की गई। कार्यकर्ताओं को निर्देश दिया गया कि वे गांव-गांव जाकर मतदाताओं को प्रक्रिया की जानकारी दें और दस्तावेजों से जुड़ी परेशानियों के समाधान में सहयोग करें। झारखंड में एसआईआर के तहत दावा-आपत्ति और सुधार की प्रक्रिया को लेकर चुनावी अधिकारियों ने भी समय-सीमा के भीतर आवेदन करने की अपील की है।

बैठक में मुख्य अतिथि रुप मे उपस्थित पोटका विधायक संजीव सरदार ने कहा कि पोटका प्रखंड में करीब 24 हजार मतदाता एसआईआर की विसंगति सूची में हैं। उन्होंने कहा कि सुधार के लिए उपलब्ध समय को देखते हुए आने वाला सप्ताह बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं के लिए काफी महत्वपूर्ण है।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में BLO और ग्राम प्रधान के साथ समन्वय बनाकर बैठक करें तथा ग्रामीणों के दस्तावेजों को दुरुस्त कराने में सहयोग करें, ताकि कोई भी पात्र मतदाता प्रक्रिया के कारण अपने अधिकार से वंचित न हो।

विधायक ने कहा कि कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी केवल संगठन तक सीमित नहीं है, बल्कि ग्रामीणों को सही जानकारी और आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराना भी जरूरी है। उन्होंने कहा कि जिन लोगों को नोटिस मिला है, उनकी समस्याओं को समझकर उन्हें संबंधित प्रक्रिया पूरी करने में मदद की जाए और जरूरत पड़ने पर प्रखंड मुख्यालय तक लाया जाए।
विधायक संजीव सरदार ने बैठक में आरोप लगाया कि केंद्र सरकार चुनाव आयोग की प्रक्रिया का इस्तेमाल कर झारखंड के आदिवासी-मूलवासी लोगों के नाम मतदाता सूची से हटाने की साजिश कर रही है। उन्होंने कहा कि झामुमो कार्यकर्ता ऐसे किसी भी प्रयास को सफल नहीं होने देंगे। राज्य में बड़ी संख्या में नामों को प्रारूप सूची से अलग किए जाने के बाद दावा-आपत्ति और सुधार की प्रक्रिया जारी रही है।
संजीव सरदार ने कार्यकर्ताओं से कहा कि ग्रामीणों को दस्तावेज तैयार कराने में सहयोग करें और जरूरत पड़ने पर उन्हें प्रखंड मुख्यालय तक लेकर आएं। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों की मदद के लिए वह स्वयं भी समय-समय पर प्रखंड कमेटी के साथ मौजूद रहेंगे।
विधायक ने ग्रामीणों से अपील करते हुए कहा कि एसआईआर से संबंधित किसी भी नोटिस या दस्तावेजी कमी को हल्के में न लें। अपने कागजात समय पर तैयार रखें और आवश्यक सुधार की प्रक्रिया पूरी करें। उन्होंने कहा कि पात्र मतदाताओं का नाम मतदाता सूची में सुरक्षित रहना लोकतांत्रिक प्रक्रिया के लिए जरूरी है।
बैठक में पूर्व पार्षद चंद्रावती महतो, हीरामनी मुर्मू, मुखिया संगीता सरदार, झामुमो बरिष्ठ नेता सुनील महतो, सुधीर सोरेन, रजनी षाड़ंगी, हितेश भगत, उप मुखिया ओमप्रकाश गुप्ता, बीरेन पात्र, चक्रधर महतो, दुखु मार्डी, चमका सरदार, देव पालित, रोहित राम, सैयद समीउल्लाह, के साथ पोटका प्रखंड की 34 पंचायतों के झामुमो कार्यकर्ता उपस्थित रहे।




