Breaking Newsझारखण्डटेक्नोलॉजीताजा खबरदुनियादेशलाइफस्टाइललाइव न्यूज़

एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय पहुंचे विधायक संजीव सरदार, छात्रावास से लेकर किचन तक की व्यवस्थाओं का लिया जायजा, पानी और खाने की व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश।

पोटका विधायक संजीव सरदार ने गुरुवार को डुमरिया प्रखंड के कांटाशोल स्थित एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय का औचक निरीक्षण किया।

एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय पहुंचे विधायक संजीव सरदार, छात्रावास से लेकर किचन तक की व्यवस्थाओं का लिया जायजा, पानी और खाने की व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश।

अभिजीत सेन।

जमशेदपुर/डुमरिया

पोटका विधायक संजीव सरदार ने गुरुवार को डुमरिया प्रखंड के कांटाशोल स्थित एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विद्यालय की शैक्षणिक एवं आवासीय व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया तथा छात्रावास में रह रहे विद्यार्थियों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं और आवश्यकताओं की जानकारी प्राप्त की।

छात्रावास, किचन और शौचालय की व्यवस्था पर विशेष नजर

निरीक्षण के क्रम में विधायक ने छात्रावास, किचन, शौचालय एवं प्रधानाचार्य कार्यालय का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विद्यालय परिसर की विभिन्न व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए आवश्यक सुधार के निर्देश दिए। निरीक्षण में मेनू के अनुरूप कुछ भोजन नहीं मिलने की बात सामने आई तथा बाथरूम के कई नल टूटे हुए पाए गए, जिस पर विधायक ने नाराजगी जताते हुए विद्यालय के प्रधानाचार्य को अविलंब वयवस्था में सुधार करने का निर्देश दिया ताकि विद्यार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

बच्चों से बोले विधायक – किसी भी परेशानी में सीधे बताएं

छात्रों से बातचीत करते हुए विधायक संजीव सरदार ने कहा कि विद्यालय में अध्ययनरत बच्चों को बेहतर शिक्षा और सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने विद्यार्थियों को आश्वस्त करते हुए कहा कि यदि उन्हें किसी भी प्रकार की समस्या हो तो वे अपने अभिभावकों के माध्यम से या सीधे उन्हें जानकारी दें, ताकि उसका त्वरित समाधान किया जा सके।

मानदेय भुगतान के मुद्दे पर डीडीसी से की बात

निरीक्षण के दौरान विधायक ने विद्यालय के शिक्षकीय एवं गैर-शिक्षकीय कर्मचारियों के मानदेय भुगतान से संबंधित समस्याओं की भी जानकारी ली। इस मुद्दे को गंभीरता से लेते हुए उन्होंने पूर्वी सिंहभूम के उप विकास आयुक्त (डीडीसी) से दूरभाष पर वार्ता कर आवश्यक कार्रवाई करने और कर्मचारियों की समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करने को कहा।

शिक्षा व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाने का निर्देश

विधायक संजीव सरदार ने कहा कि आवासीय विद्यालयों में पढ़ने वाले बच्चे राज्य और समाज का भविष्य हैं। उनकी शिक्षा, स्वास्थ्य और मूलभूत सुविधाओं के साथ किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जा सकता। उन्होंने विद्यालय प्रबंधन को नियमित निगरानी रखते हुए सभी व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने तथा विद्यार्थियों के लिए अनुकूल वातावरण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
उन्होंने विद्यालय परिसर में निर्माण हो रहे नए भवनों का भी निरीक्षण किया तथा आवश्यक दिशा निर्देश दिए।

मौके पर झामुमो प्रखंड अध्यक्ष मिर्जा सोरेन, सचिव जयपाल सिंह मुर्मू, भगत बास्के, भगत हांसदा, अर्जुन मुर्मू, रामदास हेंब्रम, काजमान सिंह सरदार सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे।

Related Articles

Back to top button