संकुल स्तरीय प्रश्न मंच प्रतियोगिता में बरगंडा सरस्वती शिशु विद्या मंदिर का शानदार प्रदर्शन, कई विधाओं में प्रथम स्थान
गिरिडीह। सरस्वती शिशु विद्या मंदिर, बरगंडा के भैया-बहनों ने संकुल स्तरीय प्रश्न मंच प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए विद्यालय का नाम रोशन किया।

संकुल स्तरीय प्रश्न मंच प्रतियोगिता में बरगंडा सरस्वती शिशु विद्या मंदिर का शानदार प्रदर्शन, कई विधाओं में प्रथम स्थान
गिरिडीह, मनोज कुमार।
गिरिडीह : सरस्वती शिशु विद्या मंदिर, बरगंडा के भैया-बहनों ने संकुल स्तरीय प्रश्न मंच प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए विद्यालय का नाम रोशन किया। विभिन्न प्रतियोगिताओं में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों के सम्मान में शनिवार को विद्यालय की वंदना सभा में सम्मान समारोह आयोजित किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ प्रभारी प्रधानाचार्य अजित मिश्र ने दीप प्रज्वलित कर किया। वहीं वरिष्ठ आचार्य नलिन कुमार एवं पंकज आचार्य ने कार्यक्रम का विषय प्रवेश कराया।
प्रतियोगिता में विद्यालय के विद्यार्थियों ने विज्ञान के किशोर एवं शिशु वर्ग में प्रथम स्थान हासिल किया। वैदिक गणित में शिशु, किशोर एवं बाल—तीनों वर्गों में प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं संस्कृति बोध के शिशु एवं किशोर वर्ग में भी विद्यार्थियों ने प्रथम स्थान हासिल किया।

इसके अलावा कथा कथन प्रतियोगिता के शिशु एवं बाल वर्ग तथा मूर्तिकला प्रतियोगिता में भी विद्यालय के प्रतिभागियों ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। आचार्य वर्ग में डॉ. ब्रजेश बर्णवाल ने पत्रवाचन प्रतियोगिता में प्रथम स्थान हासिल कर विद्यालय का गौरव बढ़ाया।
विद्यालय की इस सफलता में वैदिक गणित प्रतियोगिता प्रमुख अनिल आचार्य, विज्ञान प्रतियोगिता प्रमुख निशा श्रेष्ठ एवं संस्कृति बोध प्रमुख दुलारचंद आचार्य के मार्गदर्शन की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

सम्मान समारोह को संबोधित करते हुए प्रभारी प्रधानाचार्य अजित मिश्र ने विजेता विद्यार्थियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि अनुशासन, निरंतर अभ्यास और आत्मविश्वास के बल पर ही ऐसी उपलब्धियां हासिल की जा सकती हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को आगामी विभाग स्तरीय संस्कृति महोत्सव में भी बेहतर प्रदर्शन करने के लिए शुभकामनाएं दीं।

वहीं संकुल प्रमुख एवं प्रधानाचार्य आनंद कमल ने मोबाइल संदेश के माध्यम से विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि सभी विधाओं में प्रथम स्थान प्राप्त करना विद्यालय एवं संकुल के लिए गौरव की बात है। यह सफलता विद्यार्थियों के परिश्रम, अनुशासन और आचार्य-दीदी के मार्गदर्शन का परिणाम है।

इस अवसर पर विद्यालय परिवार के सभी आचार्य एवं भगिनी उपस्थित रहे। समारोह का समापन विजेता विद्यार्थियों के उत्साहवर्धन एवं मंगलकामनाओं के साथ हुआ।



