देवरी में ज्वेलरी दुकान लूटकांड का खुलासा, बिहार से एक आरोपी गिरफ्तार; चांदी के जेवर और मोबाइल बरामद
गिरिडीह के देवरी थाना क्षेत्र के चतरो स्थित न्यू स्वर्ण शांति ज्वेलर्स में हुई लूट की घटना का पुलिस ने खुलासा करने का दावा किया है। पुलिस ने मामले में एक आरोपी को बिहार के जमुई जिले से गिरफ्तार किया है।

देवरी में ज्वेलरी दुकान लूटकांड का खुलासा, बिहार से एक आरोपी गिरफ्तार; चांदी के जेवर और मोबाइल बरामद
गिरिडीह, मनोज कुमार।
गिरिडीह : गिरिडीह के देवरी थाना क्षेत्र के चतरो स्थित न्यू स्वर्ण शांति ज्वेलर्स में हुई लूट की घटना का पुलिस ने खुलासा करने का दावा किया है। पुलिस ने मामले में एक आरोपी को बिहार के जमुई जिले से गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान करीब 27 वर्षीय संतोष पासवान उर्फ चरकू, पिता भोला पासवान, निवासी बेलाटांड़/माधोपुर, थाना चंद्रमंडीह, जिला जमुई (बिहार) के रूप में हुई है।

दरअसल, 16 अगस्त 2026 की शाम करीब 7:15 बजे ज्वेलरी दुकान के संचालक श्याम सुंदर सोनार दुकान बंद कर घर लौट रहे थे। इसी दौरान सुनसान स्थान पर अपराधियों ने उनके साथ लूट की घटना को अंजाम दिया था। मामले में देवरी थाना कांड संख्या 81/26, दिनांक 17 अगस्त 2026 को धारा 309(4) BNS एवं 27 Arms Act के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई थी।

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक डॉ विमल कुमार के निर्देश पर खोरीमहुआ के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में विशेष छापामारी दल का गठन किया गया। पुलिस ने आसूचना और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान करते हुए लगातार छापामारी शुरू की।
जांच के दौरान घटना में इस्तेमाल दो मोटरसाइकिलें बरामद की गईं। पुलिस के अनुसार इनमें से एक मोटरसाइकिल किसी अन्य व्यक्ति से लूटी गई थी और उसका नंबर प्लेट बदलकर वारदात में इस्तेमाल किया गया था।

छापामारी के दौरान पुलिस ने आरोपी संतोष पासवान उर्फ चरकू को देवघर जिले से गिरफ्तार किया। उसके स्वीकारोक्ति बयान और निशानदेही के आधार पर लूटे गए चांदी के कुछ जेवर और मोबाइल फोन बरामद कर विधिवत जब्त किए गए हैं। पुलिस अब इस मामले में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापामारी कर रही है।
पुलिस ने क्या-क्या किया बरामद
चांदी का 1 चैन
चांदी की 2 बिछिया
चांदी का 1 पायल जोड़ा
1 मोबाइल फोन
घटना में प्रयुक्त TVS Apache RTR 160
Bajaj Pulsar 150
पुलिस के मुताबिक मामले में एक आरोपी की गिरफ्तारी हो चुकी है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। छापामारी दल में देवरी थाना प्रभारी समेत पुलिस पदाधिकारी, अनुसंधानकर्ता, तकनीकी शाखा और सशस्त्र बल के जवान शामिल रहे।




