डेढ़ साल बाद खुला छोटू हत्याकांड का राज, गांजा पीते वक्त हुए विवाद में गई थी जान, दो आरोपी दबोचे गए
करीब डेढ़ वर्ष पहले हुए छोटू दास हत्याकांड की गुत्थी आखिरकार पुलिस ने सुलझा ली है। मुफस्सिल थाना पुलिस ने इस सनसनीखेज मामले में दो युवकों को गिरफ्तार करते हुए हत्या में प्रयुक्त चाकू और बाइक भी बरामद कर ली है।

डेढ़ साल बाद खुला छोटू हत्याकांड का राज, गांजा पीते वक्त हुए विवाद में गई थी जान, दो आरोपी दबोचे गए
गिरिडीह, मनोज कुमार।
गिरिडीह : करीब डेढ़ वर्ष पहले हुए छोटू दास हत्याकांड की गुत्थी आखिरकार पुलिस ने सुलझा ली है। मुफस्सिल थाना पुलिस ने इस सनसनीखेज मामले में दो युवकों को गिरफ्तार करते हुए हत्या में प्रयुक्त चाकू और बाइक भी बरामद कर ली है। पुलिस के मुताबिक पुरानी रंजिश और नशे की हालत में हुए विवाद ने इस वारदात को जन्म दिया था।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मुफस्सिल थाना क्षेत्र के बरवाडीह निवासी रहबर अंसारी उर्फ छोटू उर्फ छोटे और शमीम अंसारी उर्फ अफसर उर्फ लंगड़ा के रूप में हुई है। इस पूरे मामले की जानकारी एसडीपीओ जितवाहन उरांव ने दी। नशे की महफिल में हुआ विवाद, बना हत्या की वजह
पुलिस जांच में सामने आया है कि घटना के दिन मृतक छोटू दास दोनों आरोपियों के साथ बैठकर गांजा पी रहा था। इसी दौरान किसी बात को लेकर विवाद हुआ, जो देखते ही देखते इतना बढ़ गया कि दोनों ने मिलकर छोटू की हत्या की साजिश रच डाली और वारदात को अंजाम दे दिया।

क्या था मामला गौरतलब है कि 6 नवंबर 2024 को मुफस्सिल थाना क्षेत्र के हेठलापीठ निवासी छोटू दास की बेरहमी से हत्या कर दी गई थी। उसका शव सिमरियाधौड़ा उप स्वास्थ्य केंद्र के पीछे खून से लथपथ अवस्था में बरामद हुआ था। इस घटना के बाद मृतक की पत्नी धनेश्वरी देवी ने मुफस्सिल थाना में आवेदन देकर नौ लोगों के खिलाफ साजिश के तहत हत्या का आरोप लगाया था।
हर एंगल से जांच, फिर सामने आई सच्चाई मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी के निर्देश पर एक विशेष टीम का गठन किया गया, जिसमें थाना प्रभारी श्याम किशोर महतो सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी शामिल थे।
पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों, स्थानीय सूत्रों और गहन पूछताछ के आधार पर पूरे घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ीं। जांच के दौरान यह स्पष्ट हुआ कि हत्या का आरोप जिन लोगों पर लगाया गया था, वे इसमें शामिल नहीं थे, बल्कि असली गुनहगार कोई और ही थे।
बरामद हुए हथियार और वाहन पुलिस ने गिरफ्तार दोनों आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त धारदार चाकू और बाइक बरामद कर ली है। पूछताछ में दोनों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है।
फिलहाल पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है और इस हत्याकांड से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।




