छठमय हुआ गिरिडीह! शहर के तमाम घाटों पर उमड़ा आस्था का जनसैलाब, अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देकर व्रतियों ने की सुख-समृद्धि की कामना
लोक आस्था और सूर्य उपासना का महापर्व छठ गिरिडीह में पूरे श्रद्धा, भक्ति और धूमधाम के साथ मनाया गया। रविवार को शहर के विभिन्न छठ घाटों पर श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा।

छठमय हुआ गिरिडीह! शहर के तमाम घाटों पर उमड़ा आस्था का जनसैलाब, अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देकर व्रतियों ने की सुख-समृद्धि की कामना
गिरिडीह : मनोज कुमार।
गिरिडीह : लोक आस्था और सूर्य उपासना का महापर्व छठ गिरिडीह में पूरे श्रद्धा, भक्ति और धूमधाम के साथ मनाया गया। रविवार को शहर के विभिन्न छठ घाटों पर श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। अरगाघाट, दीनदयाल घाट, मेट्रोस गली घाट, शास्त्री नगर, अमित बर्दियार छठ घाट, बरगंडा छठ घाट, साईं छठ घाट, न्यू बरगंडा छठ घाट और सिहोडीह आमघाट , आदर्श नगर छठ घाट सहित शहर के तमाम छठ घाटों पर आस्था का अद्भुत नजारा देखने को मिला।

छठ व्रतियों ने अस्ताचलगामी भगवान भास्कर को अर्घ्य अर्पित कर परिवार की सुख-समृद्धि, खुशहाली और आरोग्य की कामना की। घाटों पर सुबह से ही साफ-सफाई, सजावट और पूजा की तैयारियां देखने को मिलीं। शाम होते ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ घाटों पर पहुंचने लगी। छठी मैया के पारंपरिक गीतों और भक्तिमय माहौल से पूरा शहर छठमय हो गया।

वहीं, छठ घाट पर पूजा कमेटी की ओर से विशेष आकर्षक सजावट की गई थी। नदी घाट को रंग-बिरंगी रोशनी से सजाने के साथ भव्य पंडालों का निर्माण कराया गया था, जिसने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया।

गिरिडीह के तमाम छठ घाटों पर उमड़ी भीड़ ने एक बार फिर लोक आस्था, सामाजिक एकता और छठ महापर्व की महिमा को जीवंत कर दिया। चारों ओर छठी मैया के जयकारों से वातावरण भक्तिमय बना रहा।




