Breaking Newsझारखण्डटेक्नोलॉजीताजा खबरदुनियादेशलाइफस्टाइललाइव न्यूज़

गिरिडीह कॉलेज में अखिल झारखंड छात्र संघ की शांतिपूर्ण तालाबंदी, उच्चस्तरीय जांच की मांग

अखिल झारखंड छात्र संघ, गिरिडीह के द्वारा गिरिडीह कॉलेज, गिरिडीह में कॉलेज में कथित भ्रष्टाचार एवं वित्तीय अनियमितताओं की उच्चस्तरीय जांच की मांग को लेकर शांतिपूर्ण तालाबंदी कार्यक्रम किया गया।

गिरिडीह कॉलेज में अखिल झारखंड छात्र संघ की शांतिपूर्ण तालाबंदी, उच्चस्तरीय जांच की मांग

गिरिडीह, मनोज कुमार।

गिरिडीह : अखिल झारखंड छात्र संघ, गिरिडीह के द्वारा गिरिडीह कॉलेज, गिरिडीह में कॉलेज में कथित भ्रष्टाचार एवं वित्तीय अनियमितताओं की उच्चस्तरीय जांच की मांग को लेकर शांतिपूर्ण तालाबंदी कार्यक्रम किया गया।

छात्र हित एवं कॉलेज में अध्ययनरत विद्यार्थियों के पठन-पाठन को ध्यान में रखते हुए तथा कॉलेज के प्रशासनिक एवं अन्य आवश्यक कार्यों में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो, इस उद्देश्य से संगठन द्वारा तालाबंदी कार्यक्रम को कम समय में ही समाप्त कर दिया गया। संगठन का कहना है कि विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसका विशेष ध्यान रखा गया।

 

कॉलेज में आगामी 22 एवं 23 सितंबर 2026 को करमा पूजा के अवसर पर अवकाश रहेगा। इसे ध्यान में रखते हुए अखिल झारखंड छात्र संघ द्वारा कॉलेज प्रशासन को 25 एवं 26 सितंबर 2026 तक कथित भ्रष्टाचार एवं अनियमितताओं की उच्चस्तरीय एवं निष्पक्ष जांच कराने का समय दिया गया है। यदि 26 सितंबर 2026 तक जांच प्रारंभ नहीं की जाती है अथवा जांच की कार्रवाई से संगठन एवं विद्यार्थी संतुष्ट नहीं होते हैं, तो संगठन द्वारा 27 एवं 28 सितंबर 2026 को गिरिडीह कॉलेज में पुनः तालाबंदी कार्यक्रम करने की घोषणा की गई है।

संगठन का कहना है कि यह कदम विद्यार्थियों के हित एवं कॉलेज में कथित अनियमितताओं की निष्पक्ष जांच सुनिश्चित कराने के लिए उठाया जा रहा है।

अनुमंडल पदाधिकारी के व्यवहार को लेकर संगठन का आरोप

तालाबंदी कार्यक्रम के दौरान गिरिडीह के अनुमंडल पदाधिकारी के कॉलेज परिसर में पहुंचने को लेकर अखिल झारखंड छात्र संघ ने गंभीर आरोप लगाए हैं। संगठन का आरोप है कि मौके पर मौजूद छात्र नेताओं को डराने-धमकाने तथा मुकदमे में फंसाकर जेल भेजने की बात कही गई। संगठन के अनुसार, इस दौरान अखिल झारखंड छात्र संघ को लेकर भी आपत्तिजनक एवं कथित रूप से अपमानजनक बातें कही गईं तथा संगठन की पहचान पर सवाल उठाए गए।

संगठन का यह भी आरोप है कि जब छात्र नेता कार्यक्रम से संबंधित फोटो एवं वीडियो बना रहे थे, तब उन्हें कैमरा बंद करने के लिए कहा गया तथा मौके पर मौजूद पुलिस प्रशासन के माध्यम से छात्र नेताओं पर दबाव बनाने का प्रयास किया गया।

अखिल झारखंड छात्र संघ ने कहा कि वह लोकतांत्रिक एवं शांतिपूर्ण तरीके से विद्यार्थियों की समस्याओं तथा कॉलेज में कथित अनियमितताओं के खिलाफ अपनी आवाज उठाता रहेगा। संगठन ने संबंधित प्रशासन एवं विश्वविद्यालय से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने तथा विद्यार्थियों की मांगों पर उचित कार्रवाई करने की मांग की है।

कार्यक्रम में उपस्थित छात्र नेता एवं कार्यकर्ता

तालाबंदी कार्यक्रम में अखिल झारखंड छात्र संघ के जिला अध्यक्ष अक्षय यादव, जिला महासचिव नमन यादव, जिला उपाध्यक्ष चंदन मंडल, सतीश यादव, संजीत यादव एवं प्रिंस चौरसिया, जिला सचिव कुंदन चंद्रवंशी एवं करण यादव, जिला सहसचिव सागर तिवारी, मीडिया प्रभारी दिवाकर चंद्रवंशी, मीडिया सह प्रभारी नौशाद अंसारी सहित मुन्ना राय, ऋषि शर्मा, मुकेश शर्मा, देवेंद्र शर्मा, राजा बाबू, सचिन मंडल एवं अन्य छात्र कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button