Breaking Newsझारखण्डटेक्नोलॉजीताजा खबरदुनियादेशलाइफस्टाइललाइव न्यूज़

हजारीबाग में 9 दिवसीय ऑल इंडिया शतरंज टूर्नामेंट 16 मई से, 800 से अधिक खिलाड़ी होंगे शामिल l

हजारीबाग चेस एसोसिएशन की देखरेख में 16 से 24 मई तक 9 दिवसीय राष्ट्रीय स्तर का ऑल इंडिया शतरंज टूर्नामेंट आयोजित किया जा रहा है।

हजारीबाग में 9 दिवसीय ऑल इंडिया शतरंज टूर्नामेंट 16 मई से, 800 से अधिक खिलाड़ी होंगे शामिल l

हजारीबाग बनेगा राष्ट्रीय शतरंज का केंद्र, 6.11 लाख की इनामी राशि आकर्षण का केंद्र

चौथी बार भव्य आयोजन, 35-40 लाख की लागत से सजेगा शतरंज का महाकुंभ

हजारीबाग को राष्ट्रीय शतरंज मानचित्र पर स्थापित करेगा यह टूर्नामेंट : डायरेक्टर करण जायसवाल

यह टूर्नामेंट युवाओं में शतरंज के प्रति रुचि और बौद्धिक विकास को बढ़ावा देगा : सचिव मनमीत अकेला

हजारीबाग : हजारीबाग चेस एसोसिएशन की देखरेख में 16 से 24 मई तक 9 दिवसीय राष्ट्रीय स्तर का ऑल इंडिया शतरंज टूर्नामेंट आयोजित किया जा रहा है। यह भव्य प्रतियोगिता विनोबा भावे यूनिवर्सिटी के मल्टीपरपज हॉल में संपन्न होगी, जिसमें देशभर से 800 से अधिक खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे आयोजन को लेकर शहर में उत्साह का माहौल है और इसे अब तक के सबसे बड़े शतरंज आयोजनों में से एक माना जा रहा है।

प्रतियोगिता दो चरणों में आयोजित होगी। पहला चरण 16 से 20 मई तक ओपन कैटेगरी में खेला जाएगा, जबकि दूसरा चरण 21 से 24 मई तक 1800 रेटिंग से कम खिलाड़ियों के लिए निर्धारित किया गया है। 16 मई को सुबह 10:00 बजे उद्घाटन कार्यक्रम होगा और 11:00 बजे खिलाड़ियों की बैठक आयोजित की जाएगी। प्रतियोगिता के दौरान प्रतिदिन दो-दो राउंड खेले जाएंगे, जबकि 20 मई को शाम 3:30 बजे से पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित किया जाएगा।

पूरे टूर्नामेंट में कुल 6 लाख 11 हजार रुपये की आकर्षक पुरस्कार राशि निर्धारित की गई है, जिसमें पहले चरण के लिए 4 लाख 5 हजार रुपये और दूसरे चरण के लिए 2 लाख 6 हजार रुपये शामिल हैं। प्रतियोगिता में कुल 40 खिलाड़ियों को कैश प्राइज दिया जाएगा। प्रथम पुरस्कार 1 लाख रुपये व ट्रॉफी, द्वितीय 60 हजार, तृतीय 40 हजार, चतुर्थ 28 हजार, पांचवां 16 हजार, छठा 12 हजार, सातवां 10 हजार, आठवां 8500, नौवां 7000 और दसवां 6000 रुपये निर्धारित है।

इसके अलावा 11वें से 15वें स्थान तक 5500 रुपये तथा 16वें से 21वें स्थान तक 5000 रुपये प्रदान किए जाएंगे। इस प्रतियोगिता की खास बात यह है कि इसमें हर आयु वर्ग के खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। अब तक 93 वर्ष के एक अनुभवी खिलाड़ी (तमिलनाडु) और साढ़े 5 वर्ष के एक नन्हे प्रतिभागी (कोलकाता) ने पंजीकरण कराया है, जो इस आयोजन को विशेष बनाता है। इससे पहले सांसद खेल महोत्सव के तहत आयोजित प्रतियोगिता में 1300 खिलाड़ियों की भागीदारी भी देखी जा चुकी है,

जिसमें हजारीबाग चेस एसोसिएशन की महत्वपूर्ण भूमिका रही थी। इस बार आयोजन पर लगभग 35 से 40 लाख रुपये खर्च होने का अनुमान है और यह प्रतियोगिता लगातार चौथी बार आयोजित की जा रही है। पहले चरण के लिए बाहर से आने वाले खिलाड़ियों के लिए 2000 रुपये, झारखंड के खिलाड़ियों के लिए 1800 रुपये, हजारीबाग लोकसभा क्षेत्र के खिलाड़ियों के लिए 1500 रुपये तथा स्कूली बच्चों के लिए 1200 रुपये एंट्री शुल्क निर्धारित किया गया है। वहीं दूसरे चरण के लिए सामान्य खिलाड़ियों के लिए 1000 रुपये तथा हजारीबाग के स्कूली छात्रों के लिए 800 रुपये शुल्क तय किया गया है।

आयोजन समिति की ओर से बाहर से आने वाले सभी खिलाड़ियों के ठहरने के लिए हजारीबाग के विभिन्न होटल और गेस्ट हाउस में समुचित व्यवस्था की गई है। खिलाड़ियों को आने-जाने में किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए विशेष रूप से बस सेवा भी उपलब्ध कराई जाएगी, जिससे वे अपने आवास स्थल से प्रतियोगिता स्थल तक आसानी से पहुंच सकें। इस आयोजन को लेकर हजारीबाग चेस एसोसिएशन के प्रतिनिधिमंडल ने प्रेस वार्ता आयोजित की।

प्रेस वार्ता में अध्यक्ष विजय कुमार सिंह, सचिव मनमीत अकेला, सहसचिव सुमन जायसवाल, बृजेश कुमार, कोषाध्यक्ष राजन शाह, सदस्य अमित कुमार एवं राजू मेहता सहित कई लोग उपस्थित रहे। अध्यक्ष विजय कुमार सिंह ने कहा कि हजारीबाग में इस स्तर का राष्ट्रीय शतरंज टूर्नामेंट आयोजित करना हमारे लिए गर्व की बात है। हम चाहते हैं कि यह आयोजन हर वर्ष एनुअल फंक्शन के रूप में स्थापित हो और हजारीबाग शतरंज के राष्ट्रीय मानचित्र पर अपनी अलग पहचान बनाए।

डायरेक्टर करण जायसवाल ने कहा कि हमारा उद्देश्य स्थानीय खिलाड़ियों को राष्ट्रीय मंच देना और युवाओं में खेल के प्रति रुचि बढ़ाना है। सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और बाहर से आने वाले खिलाड़ियों के लिए बेहतर सुविधाएं सुनिश्चित की गई हैं। वहीं सचिव मनमीत अकेला ने कहा कि हजारीबाग में शतरंज के जानकारों की संख्या भले सीमित हो, लेकिन इस तरह के आयोजन से खेल के प्रति जागरूकता बढ़ेगी। यह प्रतियोगिता युवाओं में बौद्धिक विकास और प्रतिस्पर्धा की भावना को प्रोत्साहित करेगी। यह आयोजन न केवल खिलाड़ियों के लिए एक बड़ा मंच है, बल्कि हजारीबाग को राष्ट्रीय स्तर पर शतरंज के प्रमुख केंद्र के रूप में स्थापित करने की दिशा में एक मजबूत कदम भी साबित होगा।

Related Articles

Back to top button