Breaking Newsझारखण्डटेक्नोलॉजीताजा खबरदुनियादेशलाइफस्टाइललाइव न्यूज़

सोमवार से शुरू होगा कोल्हान का सबसे बड़ा हरिणा मेला, तैयारियां पूरी l

प्रखंड के मुक्तेश्वर धाम हरिणा में रोजो संक्रांति के उपलक्ष्य पर आयोजित होने वाले कोल्हान के सबसे बड़े पांच दिवसीय हरिणा मेला का शुभारंभ सोमवार से होगा।

सोमवार से शुरू होगा कोल्हान का सबसे बड़ा हरिणा मेला, तैयारियां पूरी*
विधायक संजीव सरदार ने पुजारियों एवं पातभोक्ताओं के बीच किया अंगवस्त्र वितरण

अभिजीत सेन।

जमशेदपुर/पोटका

प्रखंड के मुक्तेश्वर धाम हरिणा में रोजो संक्रांति के उपलक्ष्य पर आयोजित होने वाले कोल्हान के सबसे बड़े पांच दिवसीय हरिणा मेला का शुभारंभ सोमवार से होगा। मेला के आयोजन को लेकर तैयारियां लगभग पूरी कर ली गई हैं। मुक्तेश्वर धाम आश्रम कमिटी एवं प्रशासनिक अधिकारी मेला के सफल एवं सुव्यवस्थित आयोजन के लिए युद्धस्तर पर तैयारी में जुटे हुए हैं। सोमवार सुबह पातभोक्ता अनुष्ठान के साथ मेला का विधिवत शुभारंभ होगा।

पुजारियों एवं पातभोक्ताओं के बीच विधायक ने किया अंगवस्त्र वितरण

समिति के साथ बैठक के उपरांत विधायक संजीव सरदार ने अपनी वर्षों पुरानी परंपरा को निभाते हुए हरिणा मंदिर के पुजारियों एवं पातभोक्ताओं के बीच अंगवस्त्र का वितरण किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि वे विगत कई दशकों से हरिणा मेला शुरू होने के एक दिन पूर्व पुजारियों एवं पातभोक्ताओं को वस्त्र वितरण करते आ रहे हैं और यह परंपरा आगे भी जारी रहेगी।

उन्होंने बताया कि सोमवार को मेला के शुभारंभ के अवसर पर उनके द्वारा पातभोक्ताओं एवं श्रद्धालुओं के बीच चना-गुड़ और शरबत का वितरण भी किया जाएगा। विधायक ने सभी श्रद्धालुओं से मेला में पहुंचकर धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन का हिस्सा बनने और इसकी गरिमा बनाए रखने की अपील की।

श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा पर विशेष जोर

मेला में आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े, इसे लेकर पोटका विधायक संजीव सरदार ने रविवार को हरिणा पहुंचकर मुक्तेश्वर धाम आश्रम कमिटी के सदस्यों के साथ घंटों बैठक की। इस दौरान उन्होंने मेला की तैयारियों का जायजा लिया और प्रशासनिक अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

विधायक ने कहा कि वर्तमान में मुक्तेश्वर धाम एक प्रमुख पर्यटन एवं आस्था केंद्र के रूप में विकसित हो चुका है। हरिणा मेला में झारखंड, ओडिशा और पश्चिम बंगाल समेत तीन राज्यों से प्रतिदिन हजारों श्रद्धालु पहुंचते हैं। ऐसे में श्रद्धालुओं को सुगमता से पूजा-अर्चना एवं मेला भ्रमण की सुविधा मिले, इसके लिए प्रशासन और मेला कमिटी को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने तथा पूरे मेला क्षेत्र में पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है।

मेला कमिटी और ग्रामीण रहे मौजूद

निरीक्षण एवं बैठक के दौरान मुख्य पुजारी सह ग्रामप्रधान बज्रांकन दंडपात, आश्रम कमिटी के अध्यक्ष दीपंकर सीट, पुजारी विकास पंडा, राखु प्रहराज, अम्बुज दंडपात, राकेश दंडपात तथा मेला कमिटी के सितांसु नायक, रशानन्द सीट, अनिरुद्ध नायक, अमल सीट, खिरोद सीट, सरोज सीट, सूरज नायक, अमित कालिंदी, सनातन सरदार समेत अन्य सदस्य उपस्थित थे।

Related Articles

Back to top button