Breaking Newsझारखण्डटेक्नोलॉजीताजा खबरदुनियादेशलाइफस्टाइललाइव न्यूज़शिक्षा

संस्कृति महोत्सव में बरगंडा विद्यालय का परचम, 7 प्रतिभाओं का क्षेत्रीय स्तर पर चयन

सरस्वती शिशु विद्या मंदिर, बरगंडा में गुरुवार को वंदना सभा के अवसर पर मेधा सम्मान समारोह का आयोजन किया गया।

संस्कृति महोत्सव में बरगंडा विद्यालय का परचम, 7 प्रतिभाओं का क्षेत्रीय स्तर पर चयन
मेधा सम्मान समारोह में विजेता भैया-बहनों और आचार्य का हुआ भव्य सम्मान, गया में विद्यालय का प्रतिनिधित्व करेंगे प्रतिभागी

गिरिडीह, मनोज कुमार।

गिरिडीह : सरस्वती शिशु विद्या मंदिर, बरगंडा में गुरुवार को वंदना सभा के अवसर पर मेधा सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। प्रांतीय संस्कृति महोत्सव में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय का नाम रोशन करने वाले भैया-बहनों एवं आचार्य को समारोह में सम्मानित किया गया। प्रतिभागियों की उपलब्धि से विद्यालय परिसर में उत्साह का माहौल रहा।

कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्रधानाचार्य आनंद कमल ने मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलित एवं पुष्पार्चन कर किया। सामूहिक वंदना से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में विद्यालय के बस चालक एवं अभिभावक मनोज कुमार उपस्थित रहे। प्रधानाचार्य ने उनका परिचय कराया, जबकि आचार्य अजित मिश्र ने अंगवस्त्र प्रदान कर उन्हें सम्मानित किया। कार्यक्रम का संचालन भी आचार्य अजित मिश्र ने किया।

इसके बाद प्रांतीय संस्कृति महोत्सव में शानदार प्रदर्शन करने वाले सभी विजेता प्रतिभागियों एवं आचार्य को सम्मानित किया गया।
गौरतलब है कि शीला अग्रवाल सरस्वती शिशु विद्या मंदिर, लोहरदगा में आयोजित दो दिवसीय प्रांतीय संस्कृति महोत्सव में बरगंडा विद्यालय के विद्यार्थियों ने विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।

बाल वर्ग संस्कृतिबोध प्रश्नमंच में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले कक्षा आठ के आकर्षण रूद्र, हरिओम कुमार उपाध्याय एवं राम विजय सिंह, वहीं शिशु वर्ग संस्कृतिबोध प्रश्नमंच में द्वितीय स्थान हासिल करने वाली कक्षा चार की प्रीति निषाद, प्रियांशी कुमारी एवं भाविका नीति ने विद्यालय को गौरवान्वित किया।

इसके अलावा तरुण वर्ग आशु भाषण प्रतियोगिता में कक्षा 11 की प्रिया कुमारी तथा आचार्य पत्र-वाचन प्रतियोगिता में डॉ. ब्रजेश बर्णवाल ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर क्षेत्र स्तरीय संस्कृति महोत्सव के लिए अपना चयन सुनिश्चित किया।
अब ये सभी प्रतिभागी गया में आयोजित होने वाले क्षेत्रीय संस्कृति महोत्सव में विद्यालय का प्रतिनिधित्व करेंगे।

इस अवसर पर प्रधानाचार्य आनंद कमल ने कहा कि विद्यार्थियों की यह सफलता उनकी कड़ी मेहनत, अनुशासन और आचार्यों के समर्पण का परिणाम है। उन्होंने सभी चयनित प्रतिभागियों को क्षेत्रीय स्तर पर भी शानदार प्रदर्शन कर विद्यालय का नाम रोशन करने की शुभकामना दी।

समारोह ने यह संदेश दिया कि अनुशासन, मेहनत और संस्कार के साथ प्रतिभा को अवसर मिले तो विद्यार्थी किसी भी मंच पर अपनी पहचान बना सकते हैं।

Related Articles

Back to top button