नगर निगम बोर्ड की दूसरी बैठक सम्पन्न, बिजली-पानी और सफाई के मुद्दे पर हुई चर्चा
गिरिडीह नगर निगम बोर्ड की दूसरी बैठक सोमवार को नगर विकास मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई।

नगर निगम बोर्ड की दूसरी बैठक सम्पन्न, बिजली-पानी और सफाई के मुद्दे पर हुई चर्चा
नगर विकास मंत्री, राज्यसभा सांसद और मेयर हुए शामिल
गिरिडीह : मनोज कुमार।
गिरिडीह : नगर निगम बोर्ड की दूसरी बैठक सोमवार को नगर विकास मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। बैठक में राज्यसभा सांसद डॉ. सरफराज अहमद, मेयर प्रमिला मेहरा, डिप्टी मेयर सुमित कुमार, उप नगर आयुक्त प्रशांत लायक, सहायक नगर आयुक्त अशोक हांसदा, अर्बन प्लानर मंजूर आलम सहित नगर निगम के तमाम वार्ड पार्षद मौजूद रहे।

बैठक में नगर निगम के राजस्व बढ़ाने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। इस दौरान शहर में मार्केट कॉम्प्लेक्स निर्माण का सुझाव भी सामने आया, लेकिन इस पर कोई अंतिम निर्णय नहीं लिया जा सका। प्रस्ताव को अगली यानी तीसरी बोर्ड बैठक के लिए सुरक्षित रखा गया।

बैठक में बिजली, पानी और सफाई व्यवस्था का मुद्दा प्रमुख रूप से छाया रहा। नगर विकास मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू एवं मेयर प्रमिला मेहरा ने बताया कि पिछली बैठक की संपुष्टि की गई तथा निगम की आय बढ़ाने के विभिन्न उपायों पर विचार-विमर्श हुआ।

इस दौरान वार्ड पार्षद संजीव कुमार समेत कई पार्षदों ने शहरी क्षेत्र में आवारा कुत्तों को पकड़ने वाली एजेंसी की कार्यशैली पर सवाल उठाए। पार्षदों ने कहा कि एजेंसी सिर्फ खानापूर्ति कर रही है, जबकि नगर निगम द्वारा उसे सालाना करीब 9 लाख रुपये का भुगतान किया जा रहा है। उन्होंने सुझाव दिया कि इस राशि को सफाई व्यवस्था पर खर्च किया जाए, जिससे शहर की गंदगी की समस्या से काफी हद तक निजात मिल सकती है।

पार्षदों ने यह भी मांग की कि प्रत्येक वार्ड में दो-दो अतिरिक्त सफाई कर्मियों की नियुक्ति की जाए ताकि सफाई व्यवस्था बेहतर हो सके। हालांकि पार्षदों के इस सुझाव पर बैठक में कोई सहमति नहीं बन सकी। बताया गया कि इस मुद्दे पर अगली बोर्ड बैठक में पुनः चर्चा की जाएगी।


