‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ अभियान को लेकर गिरिडीह में कांग्रेस की बैठक
कांग्रेस के ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ अभियान के तहत सोमवार को गिरिडीह में जिला एवं प्रखंड कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारियों, वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं की बैठक आयोजित की गई।

‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ अभियान को लेकर गिरिडीह में कांग्रेस की बैठक
महारैली की तैयारी पर चर्चा
गिरिडीह : मनोज कुमार।
गिरिडीह : कांग्रेस के ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ अभियान के तहत सोमवार को गिरिडीह में जिला एवं प्रखंड कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारियों, वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं की बैठक आयोजित की गई। बैठक में छत्तीसगढ़ के पूर्व मंत्री एवं एआईसीसी पर्यवेक्षक डॉ. शिव कुमार डहरिया शामिल हुए।

इस दौरान आगामी 1 नवंबर को प्रस्तावित महारैली की तैयारियों, संगठनात्मक गतिविधियों और जनसंपर्क अभियान को लेकर चर्चा की गई। बैठक में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने गिरिडीह से बड़ी संख्या में खुटी पहुंचकर महारैली में भाग लेने की बात कही। गिरिडीह जिला कांग्रेस अध्यक्ष सतीश केडिया ने बताया कि महारैली में शामिल होने के लिए सैकड़ों कार्यकर्ताओं का टिकट बुक कराया जा चुका है। वहीं, अन्य कार्यकर्ताओं के लिए भी यात्रा की व्यवस्था की जा रही है.

बैठक के दौरान डॉ. शिव कुमार डहरिया ने चुनाव आयोग और उसके अध्यक्ष ज्ञानेश कुमार को लेकर भाजपा पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा चुनाव आयोग के अध्यक्ष को बचाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने सवाल उठाया कि चुनाव आयोग खुलकर सामने आकर अपना पक्ष क्यों नहीं रखता है। पत्रकारों से बात करते हुए डहरिया ने कहा कि चुनाव आयोग से जुड़े मुद्दों को लेकर कांग्रेस आंदोलन कर रही है।
उन्होंने बताया कि 1 नवंबर को रांची में भी भव्य रैली आयोजित की जा रही है, जिसमें देशभर से बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं के शामिल होने की बात कही जा रही है। वही रांची में भाजपा की ओर से कांग्रेस कार्यालय के घेराव के मुद्दे पर भी डॉ. डहरिया ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पूर्व में दिए गए बयान का जिक्र करते हुए भाजपा पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के मुद्दों और आंदोलन को लेकर भाजपा चिंतित है। डहरिया ने दावा किया कि आगामी चुनाव में जनता इसका जवाब देगी।
बैठक में प्रदेश अध्यक्ष, राजीव गांधी पंचायती राज संगठन के शान्तनू मिश्रा, प्रदेश सचिव अजय सिन्हा, गिरिडीह जिला कांग्रेस अध्यक्ष सतीश केडिया तथा डुमरी विधानसभा प्रभारी प्रमोद कुमार दुबे सहित सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ता और स्थानीय लोग उपस्थित रहे।
कांग्रेस नेताओं ने अभियान को जन-जन तक पहुंचाने और प्रस्तावित महारैली में अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया।




