राष्ट्रीय प्रेस दिवस पर पटना में पत्रकारिता की जिम्मेदारी पर मंथन, मंत्री श्रवण कुमार बोले- लोकप्रियता के लिए खबरों से न करें समझौता
राष्ट्रीय प्रेस दिवस के अवसर पर पटना स्थित सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के सभागार में सोमवार को विशेष परिचर्चा कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

राष्ट्रीय प्रेस दिवस पर पटना में पत्रकारिता की जिम्मेदारी पर मंथन, मंत्री श्रवण कुमार बोले- लोकप्रियता के लिए खबरों से न करें समझौता
पटना : राष्ट्रीय प्रेस दिवस के अवसर पर पटना स्थित सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के सभागार में सोमवार को विशेष परिचर्चा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान पत्रकारिता की बदलती भूमिका, मीडिया की विश्वसनीयता और सोशल मीडिया के बढ़ते प्रभाव जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई। कार्यक्रम का मुख्य विषय ‘पत्रकारिता : लोकप्रियतावादी या जिम्मेदारी’ रखा गया था। परिचर्चा में ग्रामीण विकास विभाग एवं सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के मंत्री श्रवण कुमार सहित कई वरिष्ठ पत्रकार और मीडिया जगत से जुड़े लोग शामिल हुए।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री श्रवण कुमार ने राष्ट्रीय प्रेस दिवस की शुभकामनाएं दीं और कहा कि स्वतंत्र, निष्पक्ष तथा जिम्मेदार पत्रकारिता किसी भी लोकतंत्र की मजबूती का आधार होती है। पत्रकारिता का काम केवल समाचार प्रकाशित या प्रसारित करना नहीं, बल्कि समाज के उन लोगों की आवाज को भी सामने लाना है, जो अक्सर व्यवस्था और मुख्यधारा की चर्चा से दूर रह जाते हैं। विशेष रूप से समाज के सबसे निचले तबके की समस्याओं को उजागर करना मीडिया की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है।

फर्जी और सनसनीखेज खबरों से बचने की जरूरत : श्रवण कुमार
मंत्री ने कहा कि पत्रकारिता में विश्वसनीयता और जनहित के सिद्धांतों से किसी भी परिस्थिति में समझौता नहीं होना चाहिए। अपुष्ट जानकारी, भ्रामक तथ्यों और सनसनीखेज खबरों को प्रसारित करने से बचना बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि किसी भी व्यक्ति की निजता, गरिमा और संवेदनशीलता का सम्मान किया जाना चाहिए। समाचार और आरोप के बीच अंतर स्पष्ट रहना चाहिए, ताकि जनता तक सही और तथ्यपरक जानकारी पहुंचे।

उन्होंने कहा कि लोकप्रियता हासिल करना गलत नहीं है, लेकिन इसके लिए गलत तथ्यों या भ्रामक सूचनाओं का सहारा लेना उचित नहीं है। सोशल मीडिया के दौर में केवल पत्रकार ही नहीं, बल्कि आम नागरिकों की भी जिम्मेदारी बढ़ गई है। किसी भी खबर या जानकारी को साझा करने से पहले उसकी सत्यता और विश्वसनीयता की जांच जरूर करनी चाहिए। स्वतंत्रता के साथ पत्रकारिता में जवाबदेही और विश्वसनीयता भी उतनी ही जरूरी है।

बिहार में पत्रकारिता की समृद्ध परंपरा, विकास कार्यों को भी मिले प्रमुखता
मंत्री श्रवण कुमार ने बिहार की समृद्ध पत्रकारिता परंपरा का उल्लेख करते हुए राज्य में हुए विकास कार्यों की चर्चा की। उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के कार्यकाल को याद करते हुए कहा कि शिक्षा, स्वास्थ्य, बिजली, पानी, महिला सशक्तीकरण और आम नागरिकों के जीवन को आसान बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण कदम उठाए गए।
उन्होंने बताया कि छात्राओं को स्कूल तक पहुंचाने और शिक्षा के प्रति प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से साइकिल एवं पोशाक जैसी योजनाएं शुरू की गईं। वर्ष 2018 में बिहार देश का पहला राज्य बना, जहां घर-घर तक बिजली पहुंचाने का लक्ष्य हासिल किया गया। महिला सशक्तीकरण की दिशा में पंचायती राज संस्थाओं और नगर निकायों में महिलाओं को 50 प्रतिशत आरक्षण देने की शुरुआत की गई। इसके बाद सरकारी नौकरियों सहित अन्य क्षेत्रों में भी महिलाओं के लिए आरक्षण की व्यवस्था की गई।
जीविका से 1.85 करोड़ परिवार जुड़े, 13 लाख स्वयं सहायता समूहों का गठन
महिलाओं की आर्थिक स्थिति मजबूत करने के लिए जीविका समूहों की भूमिका पर चर्चा करते हुए मंत्री ने कहा कि बिहार में करोड़ों महिलाओं और परिवारों को स्वयं सहायता समूहों से जोड़ा गया है। राज्य में लगभग 13 लाख स्वयं सहायता समूहों (SHG) का गठन किया गया है, जिनसे करीब 1.85 करोड़ परिवार जुड़े हैं।
उन्होंने बताया कि राज्य में 1.85 लाख महिलाओं को 10-10 हजार रुपये और एक लाख महिलाओं को 20-20 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी गई है। वहीं, हर घर नल का जल योजना के तहत बिहार के लगभग 97 से 98 प्रतिशत घरों तक नल से जल पहुंचाया गया है। मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री ने भी इस पहल का उल्लेख किया था और इसके आधार पर केंद्र स्तर पर योजना तैयार की गई।
जल-जीवन-हरियाली अभियान के तहत लगाए गए 23 करोड़ से अधिक पौधे
पर्यावरण संरक्षण की चर्चा करते हुए मंत्री श्रवण कुमार ने नीतीश कुमार के मार्गदर्शन में शुरू किए गए जल-जीवन-हरियाली अभियान का जिक्र किया। उन्होंने बताया कि इस कार्यक्रम के अंतर्गत ग्रामीण विकास विभाग और पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन विभाग ने संयुक्त रूप से बिहार में 23 करोड़ से अधिक पौधे लगाए हैं।
उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण और जल-जीवन-हरियाली के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए राज्य में व्यापक जनभागीदारी देखने को मिली थी। इस अभियान के समर्थन में करीब पांच करोड़ लोगों ने 18 हजार किलोमीटर लंबी मानव श्रृंखला बनाई थी।
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में विकास कार्यों को मिल रही गति
मंत्री ने वर्तमान मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में राज्य में चल रहे विकास कार्यों का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा, उद्योग, विधि-व्यवस्था और अन्य क्षेत्रों में उल्लेखनीय काम किए जा रहे हैं। पंचायत स्तर पर सहयोग शिविरों का आयोजन किया जा रहा है, जिससे आम लोगों की समस्याओं का समाधान करने में मदद मिल रही है।
उन्होंने कहा कि 30 दिनों के भीतर जनता का काम नहीं करने वाले पदाधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है। मुख्यमंत्री के प्रयासों से 551 मॉडल स्कूल और 211 डिग्री कॉलेज खोले गए हैं। इसके अलावा नए टाउनशिप विकसित करने और उद्योगों में निवेश को बढ़ावा देने की दिशा में भी कई महत्वपूर्ण पहल की जा रही हैं।
मंत्री ने कहा कि नीतीश कुमार द्वारा तैयार की गई मजबूत विकास की नींव को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी आगे बढ़ाने का काम कर रहे हैं। उन्होंने मीडिया से अपील की कि सरकार के कामकाज की स्वस्थ आलोचना जरूर होनी चाहिए, लेकिन वास्तविक तथ्यों और विकास से जुड़े कार्यों को भी प्रमुखता के साथ जनता के सामने रखा जाना चाहिए।
बिहार में 123 पत्रकारों को मिल रही पेंशन योजना की सुविधा
पत्रकारों के कल्याण के मुद्दे पर मंत्री श्रवण कुमार ने कहा कि बिहार सरकार पत्रकारों की सुविधाओं और सुरक्षा को लेकर भी काम कर रही है। वर्तमान में राज्य के 123 पत्रकारों को पत्रकार पेंशन योजना का लाभ दिया जा रहा है। इसके साथ ही पत्रकार बीमा योजना के माध्यम से भी बड़ी संख्या में पत्रकारों को जोड़ा गया है।
उन्होंने भरोसा दिलाया कि आने वाले समय में पत्रकारों के कल्याण, सुविधाओं और हितों को ध्यान में रखते हुए सरकार की ओर से और भी कदम उठाए जाएंगे।
सोशल मीडिया और AI के दौर में पत्रकारिता के सामने नई चुनौतियां
परिचर्चा में सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के संयुक्त सचिव अभिषेक पलासिया ने कहा कि प्रेस लोकतंत्र का चौथा स्तंभ है। यह जनता और सरकार के बीच संवाद स्थापित करने का एक महत्वपूर्ण माध्यम भी है। उन्होंने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में पत्रकारिता का स्वरूप तेजी से बदला है। पहले जहां अखबार पढ़ने का चलन अधिक था, वहीं अब सोशल मीडिया के माध्यम से लोग बड़ी संख्या में खबरें देख और पढ़ रहे हैं। इस बदलाव का असर समाचारों की प्रस्तुति और सामग्री पर भी पड़ा है।
उन्होंने कहा कि बिहार की छवि में भी बदलाव आया है और अब राज्य की पहचान विकास के क्षेत्र में हो रही प्रगति के रूप में बन रही है। ऐसे में सरकार के सकारात्मक और विकासात्मक कार्यों को भी समाचारों में उचित स्थान मिलना चाहिए। उन्होंने कहा कि बिहार आज कई क्षेत्रों में दूसरे राज्यों से आगे बढ़ रहा है।
वरिष्ठ पत्रकारों ने उठाया सोशल मीडिया पर भ्रामक खबरों का मुद्दा
परिचर्चा में शामिल टाइम्स ऑफ इंडिया के वरिष्ठ सहायक संपादक मदन कुमार ने कहा कि जवाबदेह पत्रकारिता को बढ़ावा देने के साथ सोशल मीडिया पर फैलने वाली भ्रामक सूचनाओं पर नियंत्रण की जरूरत है। उन्होंने कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) जैसी आधुनिक तकनीकों के दौर में कई बार ऐसी खबरें और सामग्री सामने आती हैं, जो लोगों को भ्रमित कर सकती हैं। इसलिए सूचना को सही तरीके से प्रस्तुत करने के साथ तथ्यों और आंकड़ों की विश्वसनीयता सुनिश्चित करना जरूरी है।
जी न्यूज के ब्यूरो चीफ रजनीश कुमार ने कहा कि खबरों की लोकप्रियता अपने आप में गलत नहीं है, लेकिन इसके साथ पत्रकारिता का दायित्व और अधिकार भी जुड़े होने चाहिए। पत्रकारों को अपने अधिकारों का इस्तेमाल पूरी सावधानी और जिम्मेदारी के साथ करना चाहिए।
वहीं, कशिश चैनल के संजय कुमार ने कहा कि पत्रकारिता केवल एक पेशा नहीं, बल्कि समाज के प्रति एक महत्वपूर्ण दायित्व है। श्रीमती कला रॉय ने कहा कि समय और तकनीक में लगातार हो रहे बदलावों के कारण पत्रकारिता का स्वरूप भी बदल रहा है। हालांकि, खबरों को सनसनीखेज बनाना पत्रकारिता का उद्देश्य नहीं होना चाहिए।
कई पत्रकारों ने रखे अपने विचार, अधिकारियों की रही मौजूदगी
कार्यक्रम में विभाग की ओर से सुनील पाठक और पिंडार के संपादक अतिकुर रहमान ने भी अपने विचार रखे। कार्यक्रम की शुरुआत में सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के संयुक्त सचिव अभिषेक पलासिया ने मंत्री श्रवण कुमार का स्वागत किया।
इस अवसर पर विभाग के संयुक्त निदेशक रविभूषण सहाय और संयुक्त निदेशक नागेंद्र गुप्ता भी मंच पर मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन सहायक निदेशक नूपुर झा ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन सहायक निदेशक विनीत सिन्हा ने प्रस्तुत किया।
राष्ट्रीय प्रेस दिवस के अवसर पर आयोजित इस परिचर्चा में पत्रकारिता की स्वतंत्रता, निष्पक्षता, जवाबदेही और डिजिटल मीडिया की चुनौतियों पर जोर दिया गया। वक्ताओं ने एकमत से माना कि बदलते तकनीकी दौर में पत्रकारिता की लोकप्रियता से अधिक उसकी विश्वसनीयता, तथ्यपरकता और सामाजिक जिम्मेदारी महत्वपूर्ण है।



