Breaking Newsझारखण्डटेक्नोलॉजीताजा खबरदुनियादेशलाइफस्टाइललाइव न्यूज़

राजीव गांधी की 82वीं जयंती पर कांग्रेसियों ने दी श्रद्धांजलि, बोले—तकनीकी भारत की नींव रखने वाले दूरदर्शी नेता थे राजीव गांधी

जिला कांग्रेस कार्यालय में गुरुवार को पूर्व प्रधानमंत्री एवं भारत रत्न स्वर्गीय राजीव गांधी की 82वीं जयंती धूमधाम से मनाई गई।

राजीव गांधी की 82वीं जयंती पर कांग्रेसियों ने दी श्रद्धांजलि, बोले—तकनीकी भारत की नींव रखने वाले दूरदर्शी नेता थे राजीव गांधी

गिरिडीह, मनोज कुमार।

गिरिडीह, 20 अगस्त 2026। जिला कांग्रेस कार्यालय में गुरुवार को पूर्व प्रधानमंत्री एवं भारत रत्न स्वर्गीय राजीव गांधी की 82वीं जयंती धूमधाम से मनाई गई। कार्यक्रम में उपस्थित कांग्रेस नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने सर्वप्रथम स्वर्गीय राजीव गांधी के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान “राजीव तेरा यह बलिदान, याद रखेगा हिंदुस्तान” और “जब तक सूरज चांद रहेगा, राजीव तेरा नाम रहेगा” के नारों से पूरा कार्यालय गूंज उठा।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने स्वर्गीय राजीव गांधी के जीवन और उनके प्रधानमंत्री कार्यकाल की उपलब्धियों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि आज तकनीकी रूप से उन्नत भारत की मजबूत नींव रखने में राजीव गांधी का महत्वपूर्ण योगदान रहा। स्वयं तकनीकी रूप से प्रशिक्षित होने के कारण वे समझते थे कि आधुनिक तकनीक देश के विकास में कितनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।

वक्ताओं ने कहा कि राजीव गांधी का प्रधानमंत्री के रूप में कार्यकाल देश के लिए महत्वपूर्ण और परिवर्तनकारी दौर रहा। उन्होंने युवाओं को 18 वर्ष की आयु में मताधिकार देकर उन्हें लोकतांत्रिक व्यवस्था में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने का अवसर दिया। युवाओं को राजनीति और शासन व्यवस्था में आगे लाने की दिशा में भी उन्होंने कई महत्वपूर्ण पहल कीं।

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि राजीव गांधी के कार्यकाल में पंचायती राज व्यवस्था को मजबूत करने और सत्ता के विकेंद्रीकरण की दिशा में महत्वपूर्ण प्रयास हुए। पड़ोसी देशों के संकट के समय भारत ने उनके नेतृत्व में एक बड़े भाई की भूमिका निभाई, चाहे वह श्रीलंका का मामला हो या मालदीव का।

वक्ताओं ने कहा कि राजीव गांधी ने अपने कार्यकाल में देश को आधुनिकता और तकनीकी विकास की दिशा में आगे बढ़ाने का प्रयास किया। आज उनकी जयंती के अवसर पर पूरा राष्ट्र उनके योगदान को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित कर रहा है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला कांग्रेस उपाध्यक्ष अशोक विश्वकर्मा ने की। मौके पर मोहम्मद अली खान, धनंजय सिंह, राजेश टूरी, वरुण सिंह, शेखर सिंह, अहमद राजा नूरी, मंजूर आलम अंसारी, साबिर खान, दिनेश्वर विश्वकर्मा, गोल्डी नाजरी, शाहनवाज आलम, सीताराम पासवान, बिलाल अहमद हुसैनी, सोहेल अख्तर, उदय सिंह, गोरू खान सहित कई प्रमुख कांग्रेस नेता एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button