मोहर्रम को लेकर प्रशासन अलर्ट, डीजे और आग के खेल पर पूर्ण प्रतिबंध l
मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से नगर थाना सभागार में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई।

मोहर्रम को लेकर प्रशासन अलर्ट, डीजे और आग के खेल पर पूर्ण प्रतिबंध l
गिरिडीह, मनोज कुमार।
गिरिडीह : मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से नगर थाना सभागार में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता एसडीएम धीरेंद्र प्रसाद ने की। इस दौरान स्थानीय नागरिकों एवं शांति समिति के सदस्यों से पर्व के दौरान आपसी भाईचारा बनाए रखने तथा किसी भी प्रकार की अफवाहों से दूर रहने की अपील की गई।

बैठक में सीओ जितेंद्र प्रसाद, डीएसपी नीरज सिंह, सहायक नगर आयुक्त अशोक कुमार, अग्निशामक पदाधिकारी रविरंजन सिंह तथा नगर थाना प्रभारी रतन कुमार सिंह समेत अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने मोहर्रम जुलूस की सुरक्षा व्यवस्था, साफ-सफाई, यातायात नियंत्रण एवं विधि-व्यवस्था को लेकर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि पर्व के दौरान प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहेगा और असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखी जाएगी।

प्रशासन की ओर से सभी अखाड़ा कमिटियों को स्पष्ट निर्देश दिया गया कि मोहर्रम के दौरान डीजे का प्रयोग पूरी तरह वर्जित रहेगा। साथ ही आग के खेलों पर भी पूर्ण प्रतिबंध लगाया गया है। अधिकारियों ने सभी कमिटियों से अपने-अपने क्षेत्रों में इन निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराने को कहा।

अधिकारियों ने शांति समिति के सदस्यों एवं आम नागरिकों से प्रशासन को सहयोग करने तथा किसी भी समस्या की सूचना तत्काल देने का आग्रह किया। बैठक में वार्ड पार्षद रंजीत यादव, महबूब आलम, मो. इंतियाज, मो. इरशाद अहमद वारिश, मो. महमूद खान, संजीत सिंह पप्पू, विवेश जालान, उज्ज्वल साव सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक एवं शांति समिति के सदस्य उपस्थित रहे।
बैठक के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने मोहर्रम पर्व को शांति, सद्भाव और भाईचारे के साथ मनाने का संकल्प लिया।






