माननीय मंत्री लेशी सिंह द्वारा एमएलए हॉस्टल का निरीक्षण, गुणवत्तापूर्ण निर्माण हेतु सख्त निर्देश
भवन निर्माण विभाग की माननीय मंत्री श्रीमती लेशी सिंह के द्वारा आज एमएलए आवासन योजना के अंतर्गत निर्माणाधीन एमएलए हॉस्टल परिसर का स्थल निरीक्षण किया गया।

माननीय मंत्री लेशी सिंह द्वारा एमएलए हॉस्टल का निरीक्षण, गुणवत्तापूर्ण निर्माण हेतु सख्त निर्देश
पटना : भवन निर्माण विभाग की माननीय मंत्री श्रीमती लेशी सिंह के द्वारा आज एमएलए आवासन योजना के अंतर्गत निर्माणाधीन एमएलए हॉस्टल परिसर का स्थल निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्माणाधीन भवन के विभिन्न तलों में हो रहे निर्माण कार्य की प्रगति, गुणवत्ता एवं सुविधाओं का जायजा लिया तथा संबंधित अभियंताओं और कार्य एजेंसी को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
इस मौके पर विभाग के सचिव श्री प्रणव कुमार, अपर सचिव श्री राजेश कुमार सिंह, अभियंता प्रमुख (विद्युत), मुख्य अभियंता (गुणवत्ता), अधीक्षण अभियंता एवं कार्यपालक अभियंता सहित अन्य लोग उपस्थित रहें।

निरीक्षण के क्रम में माननीय मंत्री के द्वारा मुख्य अभियंता (गुणवत्ता) एवं उनकी टीम से निर्माण सामग्री के सैंपल एकत्रित करवाकर जांच के लिए केंद्रीय प्रयोगशाला भिजवाया गया। इस दौरान उन्होंने मौके पर एन०डी०टी० “Non-Destructive Test” के तहत यू०पी०भी० टेस्ट, रिबार लोकेटर टेस्ट, रिबाउंड हमर टेस्ट करवा कर निर्माण सामग्री की जांच करवायीं।
माननीय मंत्री ने स्पष्ट किया कि निर्माण सामग्री और कार्य की गुणवत्ता में उच्च मानकों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित किया जाय। किसी भी स्तर पर गुणवत्ता से समझौता नहीं किया जाएगा। मुख्य अभियंता (गुणवत्ता) को निदेशित किया गया कि पटना में बन रहे अन्य सभी भवनों की नियमित रूप से जांच करवाएं। माननीय मंत्री ने भवन की डिजाइन में कुछ सुधार के निर्देश दिया कि शीघ्र नये डिजाइन उपलब्ध करायें एवं अग्नि सुरक्षा, लिफ्ट, विद्युत एवं जलापूर्ति व्यवस्था का मानकों के अनुरूप निर्माण सुनिश्चित करने का भी निदेश दिया गया।

सचिव श्री प्रणव कुमार ने संबंधित अभियंताओं को कार्य की नियमित निगरानी करने तथा प्रगति की रिपोर्ट समय-समय पर विभाग को उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। परिसर में गार्डन वर्क को प्रमुखता से करने के लिए निदेश दिए। उन्होंने निदेशित किया कि निर्माण सामाग्रियों की जांच विभागीय प्रयोगशाला में करवाएं ताकि उच्च गुणवत्ता के साथ भवनों का निर्माण हो। कार्यों को निर्धारित समयावधि के भीतर पूर्ण करने हेतु संबंधित अभियंताओं एवं कार्यपालक एजेंसियों को गति बढ़ाने के निर्देश दिए गए।

एमएलए हॉस्टल की विशेषताएं-
हॉस्टल भवन को बेसमेंट+ग्राउंड फ्लोर+अपर ग्राउंड फ्लोर+सर्विस फ्लोर+6 ऊपरी मंजिलों की अत्याधुनिक और सुसज्जित संरचना के रूप में विकसित किया जा रहा है। हॉस्टल में कुल 83 सुइट का प्रावधान है। साथ ही कैंटीन/डाइनिंग एरिया की बैठने की क्षमता 72 व्यक्तियों की होगी।

भवन के प्रथम तल पर 17 सुईट, 2 लाउंज एवं 2 स्टोर का निर्माण किया जा रहा है। द्वितीय तल पर 16 सुईट, 3 लाउंज एवं 2 स्टोर तथा तृतीय एवं चतुर्थ तल के प्रत्येक तल पर 17 सुइट, 2 लाउंज एवं 2 स्टोर की सुविधा रहेगी। इसके साथ ही पांचवे तल पर 16 सुइट, 3 लाउंज एवं 2 स्टोर का निर्माण किया जाएगा। वहीं, छठे तल पर पार्टी हॉल, स्टोर, पैंट्री एवं शौचालय होगा। पूरे भवन में 3 लिफ्ट (16+16+8 क्षमता) का अधिष्ठापन किया जाएगा।




