मकर संक्रांति मेले का भव्य उद्घाटन: सोनपुरा में सांस्कृतिक रंगारंग कार्यक्रम।
हजारीबाग जिले के बड़कागांव प्रखंड अंतर्गत कांडतरी पंचायत के ग्राम सोनपुरा में आज तीन दिवसीय मकर संक्रांति मेले का शानदार शुभारंभ हुआ।

मकर संक्रांति मेले का भव्य उद्घाटन: सोनपुरा में सांस्कृतिक रंगारंग कार्यक्रम।
हजारीबाग : ब्यूरो रिपोर्ट
हजारीबाग : जिले के बड़कागांव प्रखंड अंतर्गत कांडतरी पंचायत के ग्राम सोनपुरा में आज तीन दिवसीय मकर संक्रांति मेले का शानदार शुभारंभ हुआ। मेले के उद्घाटन समारोह की गरिमामयी शुरुआत हजारीबाग के लोकप्रिय सांसद श्री मनीष जायसवाल एवं बड़कागांव के विधायक श्री रोशन लाल चौधरी ने संयुक्त रूप से फीता काटकर की।

इस अवसर पर प्रसिद्ध भोजपुरी गायिका नेहा निष्ठा सहित अन्य कलाकारों ने अपनी मधुर प्रस्तुतियों से हजारों दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। गीत-संगीत और नृत्य की धूम ने पूरा मेला क्षेत्र उत्साह से भर दिया। मेले में सांस्कृतिक कार्यक्रमों के अलावा पारंपरिक झूले, दुकानें और स्थानीय व्यंजनों की महक ने लोगों को आकर्षित किया।

परंपरा के अनुसार, सांसद और विधायक ने माँ पंचबहिनी मंदिर में माथा टेककर पूरे बड़कागांव विधानसभा क्षेत्र की सुख-समृद्धि, शांति और विकास की कामना की। उन्होंने क्षेत्रवासियों की खुशहाली के लिए प्रार्थना की और मेले को नई ऊर्जा प्रदान की।
इस भव्य आयोजन में हजारीबाग सांसद श्री मनीष जायसवाल सहित अन्य जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे। मेले की सफलता के लिए मेला समिति, ग्रामीणों और सभी सहयोगियों को हार्दिक बधाई। यह मेला 14 से 16 जनवरी तक चलेगा, जहां भक्ति, संस्कृति और उत्सव का अनुपम संगम देखने को मिलेगा।




