फिल्म ‘नायक’ के अंदाज़ में नगर आयुक्त का औचक निरीक्षण, निगम कर्मियों में मचा हड़कंप l
गिरिडीह नगर निगम के नवनियुक्त नगर आयुक्त बिजय सिंह बिरुआ मंगलवार को फिल्म ‘नायक’ के शिवाजीराव की तरह अचानक सफाई व्यवस्था का जायजा लेने नगर निगम कार्यालय पहुंच गए।

फिल्म ‘नायक’ के अंदाज़ में नगर आयुक्त का औचक निरीक्षण, निगम कर्मियों में मचा हड़कंप l
गिरिडीह, मनोज कुमार।
गिरिडीह : नगर निगम के नवनियुक्त नगर आयुक्त बिजय सिंह बिरुआ मंगलवार को फिल्म ‘नायक’ के शिवाजीराव की तरह अचानक सफाई व्यवस्था का जायजा लेने नगर निगम कार्यालय पहुंच गए। बिना किसी पूर्व सूचना और तामझाम के पहुंचे नगर आयुक्त ने निगम कार्यालय परिसर के चबूतरे पर बैठकर साफ-सफाई व्यवस्था और कर्मियों की कार्यशैली का निरीक्षण किया।

नगर आयुक्त के अचानक पहुंचने से निगम कर्मियों में हड़कंप मच गया। उन्होंने सबसे पहले सफाई कर्मियों की उपस्थिति पंजी का अवलोकन किया तथा सफाई कार्यों की प्रगति की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों और कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए नागरिक सुविधाओं एवं स्वच्छता से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने का निर्देश दिया।

गौरतलब है कि बिजय सिंह बिरुआ ने 19 जून 2026 को गिरिडीह नगर निगम के नगर आयुक्त के रूप में पदभार ग्रहण किया है। इससे पूर्व वे लगभग दो वर्षों तक गिरिडीह में अपर समाहर्ता के पद पर कार्य कर चुके हैं, जिससे जिले की प्रशासनिक और स्थानीय परिस्थितियों से भलीभांति परिचित हैं।

निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को धरातल पर उतारना तथा शहर को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित बनाना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सफाई व्यवस्था में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं करने की बात कही।

करीब दो घंटे तक नगर निगम परिसर में मौजूद रहे नगर आयुक्त आम नागरिकों और सफाई कर्मियों के बीच जमीन पर बैठकर उनकी समस्याएं भी सुनते रहे। उनके इस सादगीपूर्ण और सक्रिय कार्यशैली की चर्चा दिनभर नगर निगम परिसर और शहर में होती रही।




