पाली खेल एवं मेला महोत्सव 2026 क्रिकेट टूर्नामेंट का खिताब झांसी के नाम रोमांचक फाइनल में नोएडा को 23 रनों से हराकर झांसी बनी चैंपियन
पाली खेल एवं मेला महोत्सव 2026 के अंतर्गत आयोजित क्रिकेट टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला रविवार को पाली खेल स्टेडियम में खेला गया। इस महामुकाबले में झांसी की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए नोएडा को 23 रनों से पराजित कर टूर्नामेंट का खिताब अपने नाम कर लिया।

पाली खेल एवं मेला महोत्सव 2026 क्रिकेट टूर्नामेंट का खिताब झांसी के नाम रोमांचक फाइनल में नोएडा को 23 रनों से हराकर झांसी बनी चैंपियन संकुल शाक्य बने मैन ऑफ द मैच, तनिष्क यादव को मिला मैन ऑफ द सीरीज का पुरस्कार
पाली : पाली खेल एवं मेला महोत्सव 2026 के अंतर्गत आयोजित क्रिकेट टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला रविवार को पाली खेल स्टेडियम में खेला गया। इस महामुकाबले में झांसी की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए नोएडा को 23 रनों से पराजित कर टूर्नामेंट का खिताब अपने नाम कर लिया। फाइनल मैच देखने के लिए स्टेडियम में भारी भीड़ उमड़ी और करीब 30 हजार से अधिक दर्शकों की मौजूदगी ने आयोजन को ऐतिहासिक बना दिया।

फाइनल मुकाबले की शुरुआत अनोखे अंदाज में हुई। टॉस चांदी के सिक्के से उछाला गया, जिसे झांसी ने जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया।
झांसी ने बनाए 166 रन
पहले बल्लेबाजी करते हुए झांसी की टीम ने निर्धारित 20 ओवरों में 7 विकेट खोकर 166 रन बनाए। झांसी की ओर से संदीप प्रजापति ने सर्वाधिक 47 रनों की पारी खेली। वहीं तनिष्क यादव और विवेक तिवारी ने 33-33 रन बनाकर टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचाया। संजय ने भी 16 रनों का योगदान दिया।
नोएडा की ओर से गेंदबाजी में विवेक धामी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 3 विकेट झटके। जबकि अक्षय ठाकुर और पैडी ने 2-2 विकेट लेकर झांसी की रन गति पर अंकुश लगाने का प्रयास किया।

लक्ष्य का पीछा करते हुए नोएडा 143 रन पर सिमटी
167 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी नोएडा की टीम शुरुआत से ही दबाव में नजर आई। नोएडा ने निर्धारित 20 ओवरों में 7 विकेट के नुकसान पर 143 रन ही बनाए और लक्ष्य से 23 रन पीछे रह गई।
नोएडा की ओर से हर्ष चावड़ा ने सर्वाधिक 43 रन बनाए। रितिक ने 25 रन, आर्यन ने 16 रन, अक्षय ने 15 रन और प्रियांश ने 14 रनों का योगदान दिया। लेकिन टीम के अन्य बल्लेबाज झांसी के गेंदबाजों के सामने टिक नहीं सके।
इस जीत के साथ झांसी की टीम ने फाइनल कप पर कब्जा जमाकर पाली खेल एवं मेला महोत्सव 2026 क्रिकेट टूर्नामेंट की चैंपियन बनने का गौरव प्राप्त किया।

संकुल शाक्य बने मैन ऑफ द मैच
फाइनल मुकाबले में शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन करने वाले संकुल शाक्य को मैन ऑफ द मैच चुना गया। उन्होंने 23 रन बनाने के साथ-साथ गेंदबाजी में 4 ओवर में 15 रन देकर 3 विकेट झटके। इस शानदार प्रदर्शन के लिए उन्हें 1100 रुपए नकद और शील्ड देकर सम्मानित किया गया।
तनिष्क यादव बने मैन ऑफ द सीरीज
पूरे टूर्नामेंट में बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले झांसी टीम के तनिष्क यादव को मैन ऑफ द सीरीज (प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट) चुना गया। तनिष्क ने टूर्नामेंट में 51 रन बनाने के साथ-साथ 10 विकेट भी लिए। उन्हें 11000 रुपए नकद पुरस्कार और शील्ड देकर सम्मानित किया गया।

विजेता-उपविजेता को मिले आकर्षक पुरस्कार
झांसी टीम को विजेता बनने पर 1 लाख रुपए नकद पुरस्कार, चांदी का सिक्का और शील्ड प्रदान की गई। साथ ही सभी खिलाड़ियों को मेडल पहनाकर सम्मानित किया गया। वहीं उपविजेता टीम नोएडा को 51 हजार रुपए नकद और शील्ड देकर सम्मानित किया गया। नोएडा टीम के खिलाड़ियों को भी मेडल पहनाकर सम्मानित किया गया।
अतिथियों ने किया खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन
फाइनल मुकाबले में मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष नन्द किशोर सोनी, जयकुमार जैन, इन्द्र जीत सिंह, डॉ सुशांत जैन, डॉ विपुल, महेन्द्र जैन, सुदामा साहू और मुन्ना लाल साहू मौजूद रहे। अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए विजेता और उपविजेता टीम को पुरस्कार वितरित किए।

मैच संचालन व्यवस्था
फाइनल मुकाबले में अंपायर की भूमिका सुरेश सेन और राजू परिहार ने निभाई। स्कोरिंग का कार्य अरुण राजा और श्रीकांत विश्वकर्मा ने किया। वहीं कमेंट्री का जिम्मा प्रमोद प्रजापति, पुष्पेन्द्र सिंह ठाकुर और पुष्पेन्द्र चौरसिया ने संभाला।
दर्शकों की रिकॉर्ड भीड़ बनी आयोजन की पहचान
पाली खेल एवं मेला महोत्सव में इस बार दर्शकों की संख्या ने नया रिकॉर्ड बनाया। फाइनल मैच देखने के लिए पाली खेल स्टेडियम में करीब 30 हजार से अधिक दर्शक पहुंचे। वहीं पूरे महोत्सव के दौरान अब तक लगभग 2 लाख 50 हजार दर्शक आयोजन का हिस्सा बन चुके हैं।
आयोजन का लाइव प्रसारण बुन्देलखण्ड लाइव टीवी यूट्यूब चैनल पर किया जा रहा है, जिसे अब तक 9 लाख से अधिक लोग अपने घरों से देख चुके हैं।
आयोजन अध्यक्ष ने जताया आभार
कार्यक्रम अध्यक्ष मनीष कुमार तिवारी ने सभी दर्शकों और खेल प्रेमियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जिस तरह लोगों का सहयोग और आशीर्वाद मिल रहा है, उसी के बल पर भविष्य में और भी बड़े तथा भव्य कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
पाली खेल एवं मेला महोत्सव 2026 का यह फाइनल मुकाबला खेल प्रेमियों के लिए यादगार बन गया और झांसी की टीम ने शानदार खेल दिखाकर चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया।




