पतरो नदी पर बालू माफियाओं का कब्जा! दिन-रात धड़ल्ले से दौड़ रहे ट्रैक्टर, प्रशासन की कार्रवाई पर उठे सवाल
बेंगाबाद प्रखंड की ग्राम पंचायत गेनरो के साव टोला स्थित पतरो नदी से कथित तौर पर अवैध बालू तस्करी का मामला सामने आया है।

पतरो नदी पर बालू माफियाओं का कब्जा! दिन-रात धड़ल्ले से दौड़ रहे ट्रैक्टर, प्रशासन की कार्रवाई पर उठे सवाल
गिरिडीह, मनोज कुमार।
गिरिडीह : बेंगाबाद प्रखंड की ग्राम पंचायत गेनरो के साव टोला स्थित पतरो नदी से कथित तौर पर अवैध बालू तस्करी का मामला सामने आया है। स्थानीय लोगों के अनुसार यहां से दिन-रात ट्रैक्टरों के जरिए बालू का उठाव और परिवहन खुलेआम किया जा रहा है।
स्थानीय सूत्रों के मुताबिक, साव टोला के पास पतरो नदी से प्रतिदिन करीब 100 से 150 ट्रैक्टर बालू निकाले जाने का अनुमान है।

यदि यह दावा सही है, तो बड़े पैमाने पर हो रहे बालू उठाव से नदी के प्राकृतिक स्वरूप के साथ-साथ आसपास की निजी जमीन पर भी गंभीर असर पड़ने की आशंका है।

वहीं, बालू लदे ट्रैक्टरों की तेज रफ्तार भी स्थानीय लोगों के लिए चिंता का कारण बनी हुई है। लोगों का कहना है कि कई ट्रैक्टर चालक इतनी तेज गति से वाहन चलाते हैं कि कभी भी बड़ी सड़क दुर्घटना हो सकती है।

लगातार हो रहे बालू उठाव से जहां पर्यावरण और नदी के अस्तित्व पर सवाल खड़े हो रहे हैं, वहीं सरकारी राजस्व को भी नुकसान होने की आशंका जताई जा रही है।

स्थानीय लोगों ने प्रशासन से पूरे मामले की जांच कराने, बालू के उठाव की वैधता की जांच करने और अवैध परिवहन पर तत्काल रोक लगाने की मांग की है। अब देखना होगा कि पतरो नदी में कथित अवैध बालू तस्करी के इस मामले पर प्रशासन कब और कितनी सख्ती से कार्रवाई करता है।




