पचम्बा श्री गोपाल गौशाला में कृष्ण जन्माष्टमी की धूम, आधी रात तक झूमे भक्त
पचम्बा स्थित श्री गोपाल गौशाला में शुक्रवार को कृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

पचम्बा श्री गोपाल गौशाला में कृष्ण जन्माष्टमी की धूम, आधी रात तक झूमे भक्त
गिरिडीह, मनोज कुमार।
गिरिडीह : पचम्बा स्थित श्री गोपाल गौशाला में शुक्रवार को कृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जन्माष्टमी को लेकर गौशाला समिति के सदस्य दो दिन पूर्व से ही तैयारियों में जुटे हुए थे। शाम करीब सात बजे से शुरू हुआ कार्यक्रम देर रात भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव तक चलता रहा।

कार्यक्रम की शुरुआत क्षेत्र के बच्चों के बीच मटकी फोड़ प्रतियोगिता से हुई। इसमें बच्चों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। इसके बाद विधिवत भगवान श्रीकृष्ण की पूजा-अर्चना की गई। कार्यक्रम के दौरान बाहर से आए कलाकारों ने श्रीकृष्ण से जुड़े भक्ति गीतों की प्रस्तुति देकर माहौल को भक्तिमय बना दिया।

वहीं, नन्हे-मुन्ने बच्चों ने भगवान श्रीकृष्ण के बाल स्वरूप और बाल लीलाओं पर आधारित मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। बच्चों की प्रस्तुतियों ने उपस्थित श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। देर रात तक श्रद्धालु भक्ति गीतों पर झूमते रहे।

रात्रि 12 बजे भगवान श्रीकृष्ण के जन्म का उत्सव धूमधाम से मनाया गया। इस दौरान जयकारों से पूरा गौशाला परिसर गूंज उठा। श्रद्धालुओं ने भगवान श्रीकृष्ण की पूजा-अर्चना कर सुख-समृद्धि की कामना की।

समिति के सदस्यों ने कहा कि हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी श्री गोपाल गौशाला में कृष्ण जन्माष्टमी का आयोजन बड़े ही उत्साह और धूमधाम के साथ किया गया। कार्यक्रम को सफल बनाने में सभी समिति सदस्यों और सहयोगियों का योगदान सराहनीय रहा। उन्होंने भगवान श्रीकृष्ण से गिरिडीह जिले की सुख-समृद्धि, शांति और उत्तरोत्तर विकास की कामना की।




