नव वर्ष पर खंडोली में उमड़ा सैलानियों का सैलाब, पर्यटन स्थल बना उत्सव का केंद्र
नव वर्ष के पावन अवसर पर गिरिडीह का प्रमुख और लोकप्रिय पर्यटन स्थल खंडोली सैलानियों से पूरी तरह गुलजार नजर आया।

नव वर्ष पर खंडोली में उमड़ा सैलानियों का सैलाब, पर्यटन स्थल बना उत्सव का केंद्र
गिरिडीह, मनोज कुमार।
गिरिडीह : नव वर्ष के पावन अवसर पर गिरिडीह का प्रमुख और लोकप्रिय पर्यटन स्थल खंडोली सैलानियों से पूरी तरह गुलजार नजर आया। नए साल का स्वागत करने के लिए जिले के विभिन्न प्रखंडों के अलावा धनबाद, बोकारो, हजारीबाग, कोडरमा समेत आसपास के जिलों से भी बड़ी संख्या में पर्यटक यहां पहुंचे। सुबह से ही खंडोली जाने वाले मार्गों पर वाहनों की कतारें देखी गईं और पूरा क्षेत्र उत्सव के माहौल में डूबा रहा।

खंडोली पहुंचे सैलानियों ने यहां की प्राकृतिक सुंदरता का भरपूर आनंद उठा रहे है। चारों ओर फैले पहाड़, हरियाली और शांत वातावरण के बीच लोगों ने परिवार और दोस्तों के साथ पिकनिक मना रहे है। बच्चों के लिए पार्क और झूलों की व्यवस्था आकर्षण का केंद्र रही, वहीं युवाओं ने बोटिंग और घुड़सवारी का जमकर लुत्फ उठाया जा रहा है। बोटिंग के दौरान झील में विचरण करते साइबेरियन पक्षियों को देखकर सैलानी खासे रोमांचित नजर आए। कई पर्यटकों ने इन साइबेरियन पक्षियों की तस्वीरें और वीडियो भी अपने कैमरों में कैद किए।

नव वर्ष के अवसर पर बढ़ी भीड़ को देखते हुए गिरिडीह पुलिस और जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आया। खंडोली समेत जिले के सभी प्रमुख पर्यटन स्थलों पर भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई थी। ड्रेस में पुलिसकर्मियों के साथ-साथ सिविल ड्रेस में भी जवान तैनात किए गए हैं, ताकि हर गतिविधि पर नजर रखी जा सके। जल क्षेत्र में सुरक्षा को लेकर विशेष व्यवस्था की गई थी। बोटिंग के दौरान किसी भी तरह की दुर्घटना से निपटने के लिए लोकल मछुआरों और प्रशिक्षित गोताखोरों को भी मौके पर तैनात किया गया है , जिससे किसी भी अप्रिय घटना को तुरंत रोका जा सके।
प्रशासन द्वारा लगातार लोगों से सावधानी बरतने, लाइफ जैकेट पहनने और निर्धारित नियमों का पालन करने की अपील की जाती रही। सुरक्षा व्यवस्था और प्रशासनिक सतर्कता के कारण पूरे दिन खंडोली में शांति और व्यवस्था बनी रही, जिससे सैलानियों ने बेफिक्र होकर नए साल का आनंद उठाया।
पर्यटकों की भारी आमद से स्थानीय दुकानदारों, ठेलेवालों और पर्यटन से जुड़े व्यवसायियों को भी अच्छा लाभ हुआ। खाने-पीने की दुकानों, चाय-नाश्ते और बच्चों के खिलौनों की दुकानों पर दिनभर भीड़ लगी रही। कुल मिलाकर नव वर्ष के मौके पर खंडोली पर्यटन स्थल उत्सव का केंद्र बना रहा और गिरिडीह की पर्यटन पहचान को एक बार फिर मजबूत करता नजर आया।




