दीपावली के बाद गिरिडीह में छठ की तैयारी शुरू, मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ने किया घाटों का निरीक्षण, दिए जरूरी दिशा-निर्देश
दीपावली समाप्त होते ही लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा की तैयारी पूरे जोरों पर है। गिरिडीह में आज मंगलवार को मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ने झामुमो के नेताओं के साथ विभिन्न छठ घाटों का निरीक्षण किया।

दीपावली के बाद गिरिडीह में छठ की तैयारी शुरू, मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ने किया घाटों का निरीक्षण, दिए जरूरी दिशा-निर्देश
गिरिडीह, मनोज कुमार।
दीपावली समाप्त होते ही लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा की तैयारी पूरे जोरों पर है। गिरिडीह में आज मंगलवार को मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ने झामुमो के नेताओं के साथ विभिन्न छठ घाटों का निरीक्षण किया। इस दौरान उनके साथ एसडीम श्रीकांत विस्पुते, बीडीओ गणेश रजक, सीओ जितेन्द्र प्रसाद, एसडीपीओ जीतवाहन उरांव, डीएसपी नीरज कुमार सिंह, नगर, मुफस्सिल और पंचबा थाना प्रभारी भी मौजूद रहे।

इस दौरान उन्होंने गरहाटांड़ छठ घाट, झारियगादी छठ घाट,दीनदयाल उपाध्याय छठ घाट, शिव शक्ति घाट, अरगाघाट छठ घाट, मैट्रोस गली छठ घाट, शीतलपुर-पांडेयडीह छठ घाट, शीतलपुर छठ घाट, सिरसिया छठ घाट, आदर्श नगर छठ घाट, सिहोडीह छठ घाट, सिहोडीह – 2, आमघाट + साईं छठ घाट, आश्रम घाट, प्रोफेसर कालोनी घाट, अमित बरदियार छठ घाट, पेसरागढ़ छठ घाट, बुढ़वा आहार छठ घाट, सोना आहार छठ घाट, बक्सीडीह छठ घाटों की सफाई व्यवस्था, लाइटिंग और मूलभूत सुविधाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान मंत्री सोनू ने घाट की स्थिति का अवलोकन किया और मौके पर मौजूद अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि प्रशासन ने छठ पूजा से पहले सभी घाटों की साफ-सफाई और रोशनी की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने का लक्ष्य तय किया है। मंत्री ने बताया कि इस बार छठ महापर्व के दौरान श्रद्धालुओं को किसी तरह की दिक्कत न हो, इसके लिए नगर निगम और संबंधित विभागों को पूरी तैयारी में जुट जाने का निर्देश दे दिया गया है। उन्होंने कहा कि गिरिडीह के सभी छठ घाटों पर सफाई का काम पूरी गति से चल रहा है और जल्द ही सभी घाट उत्सव की रंगत में निखर उठेंगे।



