दिव्यांगता के शुरुआती लक्षणों की पहचान को लेकर PRASHAST ऐप पर प्रशिक्षण, आचार्यों को दी गई अहम जानकारी
सरस्वती शिशु विद्या मंदिर, बरगंडा गिरिडीह में बुधवार को PRASHAST (Pre-Assessment Holistic Screening Tool) ऐप को लेकर एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन किया गया।

दिव्यांगता के शुरुआती लक्षणों की पहचान को लेकर PRASHAST ऐप पर प्रशिक्षण, आचार्यों को दी गई अहम जानकारी
गिरिडीह, मनोज कुमार।
गिरिडीह : सरस्वती शिशु विद्या मंदिर, बरगंडा गिरिडीह में बुधवार को PRASHAST (Pre-Assessment Holistic Screening Tool) ऐप को लेकर एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में जिला शिक्षा पदाधिकारी कार्यालय, गिरिडीह से रिसोर्स टीचर सह फिजियोथेरेपिस्ट, झारखंड सरकार, श्री आदित्य कुमार मंडल विद्यालय पहुंचे और विद्यालय के सभी आचार्य एवं दीदी को प्रशिक्षण दिया।

प्रशिक्षण के दौरान श्री आदित्य कुमार मंडल ने PRASHAST ऐप की उपयोगिता और इसके माध्यम से बच्चों में दिव्यांगता के प्रारंभिक लक्षणों की पहचान की प्रक्रिया के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि NCERT द्वारा विकसित PRASHAST ऐप के माध्यम से 21 प्रकार की दिव्यांगताओं के शुरुआती संकेतों की स्क्रीनिंग की जा सकती है। समय रहते पहचान होने पर बच्चों को आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने और उन्हें शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने में मदद मिल सकती है।

उन्होंने प्रशिक्षण के दौरान मोबाइल में ऐप इंस्टॉल करने, बच्चों का प्रोफाइल तैयार करने तथा स्क्रीनिंग चेकलिस्ट भरने की पूरी प्रक्रिया को लाइव डेमो के माध्यम से समझाया। विद्यालय के सभी आचार्यों ने प्रशिक्षण में उत्साहपूर्वक भाग लिया और ऐप के संचालन से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त कीं।

मौके पर विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री आनंद कमल ने श्री आदित्य कुमार मंडल के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने सभी आचार्यों को निर्देश दिया कि विद्यालय के सभी बच्चों की PRASHAST ऐप के माध्यम से स्क्रीनिंग का कार्य शीघ्र पूरा किया जाए, ताकि जरूरतमंद बच्चों की समय रहते पहचान कर उन्हें आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराया जा सके।




