झारखंड संताल स्टूडेंट्स यूनियन ने विधायक संजीव सरदार को सौंपा ज्ञापन।
झारखंड संताल स्टूडेंट्स यूनियन (JSSU) के प्रतिनिधिमंडल ने पोटका विधायक संजीव सरदार को ज्ञापन सौंपकर झारखंड क्षेत्रीय कार्यकर्ता प्रतियोगिता परीक्षा-2024 को पुनः आयोजित कराने की मांग की है।

झारखंड संताल स्टूडेंट्स यूनियन ने विधायक संजीव सरदार को सौंपा ज्ञापन।
अभिजीत सेन।
जमशेदपुर/पोटका
झारखंड संताल स्टूडेंट्स यूनियन (JSSU) के प्रतिनिधिमंडल ने पोटका विधायक संजीव सरदार को ज्ञापन सौंपकर झारखंड क्षेत्रीय कार्यकर्ता प्रतियोगिता परीक्षा-2024 को पुनः आयोजित कराने की मांग की है। ज्ञापन में कहा गया है कि परीक्षा के संताली भाषा के प्रश्नपत्र में निर्धारित सिलेबस से बाहर के प्रश्न पूछे गए, जिसके कारण संथाली भाषा के अभ्यर्थियों को प्रतियोगिता परीक्षा में नुकसान उठाना पड़ा।

संथाली पेपर में सिलेबस से बाहर के प्रश्न पूछे गए – यूनियन
ज्ञापन के अनुसार, परीक्षा में प्रश्नपत्र-1 में हिंदी एवं अंग्रेजी, प्रश्नपत्र-2 में क्षेत्रीय भाषा तथा प्रश्नपत्र-3 में सामान्य ज्ञान से संबंधित प्रश्न पूछे गए थे। संगठन का कहना है कि संताली भाषा के पेपर-2 में कुल 100 प्रश्नों में से करीब 40 प्रश्न ऐसे थे, जो जेसीजीएल, पीजीटी, यूजीसी नेट, यूपीएससी एवं जेपीएससी स्तर के सिलेबस से संबंधित थे, जबकि चार प्रश्नों को पहले ही गलत करार दिया गया। छात्रों का कहना है कि इस प्रकार के प्रश्नों के कारण संथाली भाषा के अभ्यर्थियों को परीक्षा में असमान स्थिति का सामना करना पड़ा और उन्हें प्रतियोगिता से लगभग बाहर कर दिया गया।
परीक्षा दोबारा कराने और प्रश्नपत्र तैयार करने की प्रक्रिया की जांच की मांग
झारखंड संताल स्टूडेंट्स यूनियन ने अपनी प्रमुख मांग में कहा है कि आयोग द्वारा संताली विषय के प्रश्नपत्र तैयार करने के लिए अपनाई गई प्रक्रिया की जांच के लिए स्वतंत्र एवं निष्पक्ष विशेषज्ञों की समिति गठित करने की मांग की गई है, ताकि भविष्य में इस प्रकार की गंभीर त्रुटियों की पुनरावृत्ति न हो।
मामले में छात्रो संग सीएम से मिलेंगे विधायक संजीव सरदार, छात्रों को अपनी बात रखने का मिलेगा अवसर
विधायक संजीव सरदार ने कहा की संथाली भाषा के अभ्यर्थियों के प्रतिनिधिमंडल के साथ मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुलाकात करेंगे। इस दौरान छात्रों द्वारा उठाए गए सभी मुद्दों और परीक्षा में हुई कथित विसंगतियों से मुख्यमंत्री को अवगत कराया जाएगा।
विधायक संजीव सरदार ने कहा कि मुख्यमंत्री से होने वाली मुलाकात में छात्रों को स्वयं अपनी समस्याएं और मांगें रखने का पूरा अवसर मिलेगा। उन्होंने कहा कि छात्रों की बात सीधे सरकार तक पहुंचे, इसी उद्देश्य से यह पहल की जा रही है, ताकि मामले का निष्पक्ष समाधान निकल सके।



