गिरिडीह में सीएससी सेंटर डकैती का पुलिस ने किया खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार, चार अब भी फरार, इस सम्बन्ध गिरिडीह एसपी डॉ बिमल कुमार ने प्रेस वार्ता आयोजन कर दी जानकारी
गिरिडीह जिले के भरकट्टा ओपी क्षेत्र अंतर्गत ग्राम चिताखारो में 8 अक्टूबर की रात हुए सीएससी सेंटर डकैती कांड का पुलिस ने सफलतापूर्वक उद्भेदन कर लिया है।

गिरिडीह में सीएससी सेंटर डकैती का पुलिस ने किया खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार, चार अब भी फरार, इस सम्बन्ध गिरिडीह एसपी डॉ बिमल कुमार ने प्रेस वार्ता आयोजन कर दी जानकारी
गिरिडीह, मनोज कुमार।
गिरिडीह जिले के भरकट्टा ओपी क्षेत्र अंतर्गत ग्राम चिताखारो में 8 अक्टूबर की रात हुए सीएससी सेंटर डकैती कांड का पुलिस ने सफलतापूर्वक उद्भेदन कर लिया है। इस मामले में दो अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि चार अन्य आरोपी अब भी फरार हैं। उनकी तलाश में पुलिस की छापेमारी जारी है।
इस संबंध में बिरनी थाना भरकट्टा ओपी कांड संख्या 277/25, दिनांक 09.10.2025 को भारतीय दंड संहिता की धारा 310(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए गिरिडीह पुलिस अधीक्षक डॉ. बिमल कुमार के निर्देश पर बगोदर-सरिया अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी धनंजय कुमार राम के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया था।

गुप्त सूचना के आधार पर 16 अक्टूबर को गांडेय थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम डहुआटांड में छापेमारी की गई, जहां से दो युवकों को गिरफ्तार किया गया। पकड़े गए युवकों की पहचान 19 वर्षीय कारू कुमार वर्मा, पिता बहादूर वर्मा, निवासी चौरा (ताराटांड़ थाना) और 22 वर्षीय रितेश यादव, पिता कमरू यादव, निवासी डहुआटांड (गांडेय थाना) के रूप में हुई है।
पूछताछ में दोनों ने डकैती में संलिप्तता स्वीकार की है और अन्य साथियों के नामों का भी खुलासा किया है। इनके अनुसार, इस डकैती में मोहित मंडल (नवादा, ताराटांड़) और छोटू मंडल (बेहरवाटांड, भरकट्टा ओपी) सहित कुल छह अपराधी शामिल थे। घटना से एक दिन पूर्व यानी 7 अक्टूबर को तीन अपराधियों ने अपाची मोटरसाइकिल से आकर सीएससी सेंटर की रेकी की थी। उन्हें यह सूचना मिली थी कि सेंटर संचालक के पास करीब 10 लाख रुपये नकद मौजूद हैं।

इसके बाद 8 अक्टूबर की रात दो मोटरसाइकिलों से छह अपराधी पहुंचे और पीछे के दरवाजे की कुंडी तोड़कर सेंटर संचालक के घर में घुस गए। पिस्टल का भय दिखाकर अपराधियों ने एक लैपटॉप, दो मोबाइल फोन, दो कैमरे, नकद राशि और कीमती आभूषण लूट लिए। पुलिस ने डकैती में प्रयुक्त अपाची बाइक को भी बरामद कर लिया है।
पुलिस अधीक्षक डॉ. बिमल कुमार ने बताया कि शेष फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है और जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।



