गिरिडीह में बंद घर पर चोरों का धावा, 10 भर सोना, 5 लाख नकद और चांदी के जेवर लेकर फरार l
गिरिडीह शहर में चोरों के हौसले लगातार बुलंद होते जा रहे हैं। नगर थाना क्षेत्र के बीबीसी रोड स्थित बजरंगबली मंदिर के सामने बंद पड़े एक मकान को चोरों ने निशाना बनाते हुए लाखों रुपये की चोरी की वारदात को अंजाम दिया।

गिरिडीह में बंद घर पर चोरों का धावा, 10 भर सोना, 5 लाख नकद और चांदी के जेवर लेकर फरार
बीबीसी रोड स्थित मकान में वारदात, बेटी के इलाज से लौटते ही टूटा मिला ताला; पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगालने में जुटी
गिरिडीह, मनोज कुमार।
गिरिडीह : शहर में चोरों के हौसले लगातार बुलंद होते जा रहे हैं। नगर थाना क्षेत्र के बीबीसी रोड स्थित बजरंगबली मंदिर के सामने बंद पड़े एक मकान को चोरों ने निशाना बनाते हुए लाखों रुपये की चोरी की वारदात को अंजाम दिया। घटना के बाद इलाके में दह,शत का माहौल है।

पीड़िता श्वेता सिन्हा ने नगर थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि उनके पति रितेश सिन्हा काम के सिलसिले में बाहर रहते हैं। वह अपनी बेटी के इलाज के लिए हजारीबाग गई थीं, जिसके कारण घर कई दिनों से बंद था।
शुक्रवार को जब वह वापस लौटीं तो घर के मुख्य दरवाजे के दोनों ताले टूटे हुए मिले। अंदर प्रवेश करने पर सभी कमरों का सामान बिखरा पड़ा था। जांच करने पर पता चला कि चोर घर में रखे करीब 10 भर सोने के जेवर, लगभग 400 ग्राम चांदी के आभूषण और करीब 5 लाख रुपये नकद लेकर फरार हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही नगर थाना पुलिस सक्रिय हो गई। पुलिस ने पीड़िता के आवेदन के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। साथ ही, आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं ताकि चोरों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जा सके।
पीड़िता ने पुलिस से चोरी गए जेवरात और नकदी की बरामदगी के साथ दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। वहीं, बंद घर में हुई इस बड़ी चोरी की घटना ने इलाके के लोगों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है।



