Breaking Newsअतिक्रमणझारखण्डटेक्नोलॉजीताजा खबरदुनियादेशलाइफस्टाइललाइव न्यूज़

गिरिडीह में फिर चला अतिक्रमण हटाओ अभियान, निगम और दुकानदारों में तीखी नोकझोंक l

गिरिडीह शहर में एक बार फिर अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। नगर निगम और ट्रैफिक पुलिस की संयुक्त कार्रवाई के दौरान सड़क किनारे लगे ठेले-खोमचे हटाए गए और अवैध रूप से खड़े वाहनों पर चालान काटा गया।

गिरिडीह में फिर चला अतिक्रमण हटाओ अभियान, निगम और दुकानदारों में तीखी नोकझोंक l

गिरिडीह, मनोज कुमार।

गिरिडीह : शहर में एक बार फिर अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। नगर निगम और ट्रैफिक पुलिस की संयुक्त कार्रवाई के दौरान सड़क किनारे लगे ठेले-खोमचे हटाए गए और अवैध रूप से खड़े वाहनों पर चालान काटा गया। हालांकि इस दौरान कई जगहों पर दुकानदारों और निगम अधिकारियों के बीच तीखी बहस भी देखने को मिली।

मंगलवार को नगर निगम और ट्रैफिक पुलिस की टीम ने गांधी चौक से बड़ा चौक तक अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। अभियान के तहत सड़क किनारे लगाए गए ठेले-खोमचे हटाए गए, जबकि सड़क पर अवैध रूप से पार्क किए गए दोपहिया और चारपहिया वाहनों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए चालान काटे गए।

कार्रवाई के दौरान कई फुटपाथी दुकानदारों ने विरोध जताया। दुकानदारों का कहना था कि नगर निगम बिना कोई वैकल्पिक व्यवस्था किए उन्हें हटाने की कार्रवाई कर रहा है, जिससे उनके सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो रहा है। उन्होंने मांग की कि पहले उन्हें स्थायी स्थान उपलब्ध कराया जाए, उसके बाद वे अपनी दुकानें वहां स्थानांतरित कर देंगे।

दुकानदारों ने यह भी आरोप लगाया कि शाम के समय सड़क किनारे लगने वाली फास्ट फूड और चाट दुकानों पर कार्रवाई नहीं होती, जबकि छोटे दुकानदारों को निशाना बनाया जाता है। वहीं नगर निगम अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सड़क अतिक्रमण और अवैध पार्किंग के कारण शहर में लगातार जाम की समस्या उत्पन्न हो रही है। आम नागरिकों की सुविधा और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

नगर निगम की कार्रवाई और दुकानदारों के विरोध के बीच यह सवाल फिर खड़ा हो गया है कि अतिक्रमण हटाने के साथ-साथ फुटपाथी दुकानदारों के पुनर्वास की व्यवस्था कब तक सुनिश्चित हो पाएगी। फिलहाल निगम ने साफ कर दिया है कि शहर को अतिक्रमण मुक्त बनाने का अभियान आगे भी जारी रहेगा।

Related Articles

Back to top button