निरसा के पंडरा गांव में जुए के अड्डे पर पुलिस की छापेमारी संचालक व जुआरी फरार, तीन बाइक जब्त
निरसा थाना क्षेत्र के पंडरा गांव स्थित सायर तालाब के निकट शनिवार की रात करीब 10 बजे एमपीएल ओपी पुलिस ने अवैध जुए के धंधे पर छापेमारी की।

निरसा के पंडरा गांव में जुए के अड्डे पर पुलिस की छापेमारी संचालक व जुआरी फरार, तीन बाइक जब्त
निरसा : निरसा थाना क्षेत्र के पंडरा गांव स्थित सायर तालाब के निकट शनिवार की रात करीब 10 बजे एमपीएल ओपी पुलिस ने अवैध जुए के धंधे पर छापेमारी की। सूत्रों के अनुसार मौके पर जुआ खेल रहे लोग अंधेरे का फायदा उठाकर भागने में सफल रहे जबकि पुलिस ने जुए में इस्तेमाल की जा रही ताश की गड्डी और तीन मोटरसाइकिलें जब्त की हैं।

एमपीएल ओपी प्रभारी ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि छापेमारी के समय पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की कमी के कारण जब्त की गई मोटरसाइकिलों को फिलहाल ग्रामीणों के संरक्षण में रखा गया है, जिन्हें बाद में ओपी परिसर में लाया जाएगा।
हालांकि उन्होंने इस मामले पर आधिकारिक बयान देने से इनकार करते हुए कहा कि इस संबंध में वरिष्ठ अधिकारी ही विस्तृत जानकारी देंगे। स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि इस क्षेत्र में लंबे समय से अवैध जुए का कारोबार चल रहा था,
जिसकी सूचना समय-समय पर पुलिस को दी जाती रही है। छापेमारी के बाद अब यह देखना होगा कि मुख्य संचालकों पर कार्रवाई होती है या नहीं।




