खनिज संशोधन विधेयक के खिलाफ JMM महिला मोर्चा का हुंकार, सड़क से सदन तक आंदोलन का ऐलान
केंद्र सरकार के खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) संशोधन विधेयक-2026 को लेकर झारखंड में सियासी विरोध तेज होता जा रहा है।

खनिज संशोधन विधेयक के खिलाफ JMM महिला मोर्चा का हुंकार, सड़क से सदन तक आंदोलन का ऐलान
गिरिडीह, मनोज कुमार।
गिरिडीह : केंद्र सरकार के खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) संशोधन विधेयक-2026 को लेकर झारखंड में सियासी विरोध तेज होता जा रहा है। गिरिडीह जिला कार्यालय में मंगलवार को झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) महिला मोर्चा की बैठक प्रमिला कुमारी के नेतृत्व में हुई। बैठक में खनिज संशोधन विधेयक को लेकर केंद्र सरकार के खिलाफ जोरदार विरोध जताते हुए आंदोलन की रणनीति पर चर्चा की गई।

महिला मोर्चा की नेत्रियों ने कहा कि झारखंड खनिज संपदा से समृद्ध राज्य है और यहां के प्राकृतिक संसाधनों पर राज्य एवं स्थानीय लोगों के अधिकारों की रक्षा बेहद जरूरी है। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार का प्रस्तावित खनिज संशोधन कानून झारखंड के खनिज और आर्थिक हितों को प्रभावित कर सकता है। महिला मोर्चा ने विधेयक को वापस लेने की मांग की।

बैठक में महिला नेताओं ने साफ कहा कि खनिज संशोधन विधेयक के खिलाफ चरणबद्ध आंदोलन किया जाएगा। जरूरत पड़ी तो सड़क से लेकर सदन तक विरोध को तेज किया जाएगा। उन्होंने कहा कि झारखंड की खनिज संपदा से मिलने वाले राजस्व का उपयोग राज्य के विकास और जनकल्याणकारी योजनाओं में होता है, इसलिए राज्य के अधिकारों को कमजोर करने वाला कोई भी कदम स्वीकार नहीं किया जाएगा।

महिला मोर्चा की नेत्रियों ने हुंकार भरते हुए कहा कि “हमारी महिलाएं यह बिल्कुल होने नहीं देंगी।” उन्होंने आंदोलन को गांव-गांव और व्यापक स्तर तक ले जाने की बात कही। कृषि कानूनों के खिलाफ हुए आंदोलन का उदाहरण देते हुए नेताओं ने दावा किया कि जनदबाव बढ़ने पर केंद्र सरकार को खनिज संशोधन विधेयक पर भी पुनर्विचार करना पड़ेगा।

JMM की ओर से इस मुद्दे पर राज्यव्यापी आंदोलन की तैयारी की जा रही है। पार्टी ने 20 अगस्त को रांची में विस्तारित केंद्रीय समिति की बैठक बुलाई है। इस बैठक में खनिज संशोधन विधेयक के खिलाफ चरणबद्ध आंदोलन की रूपरेखा पर चर्चा प्रस्तावित है।
महिला मोर्चा ने स्पष्ट किया कि झारखंड की खनिज संपदा, राज्य के अधिकार और स्थानीय हितों के मुद्दे पर उनका विरोध आगे भी जारी रहेगा।
बैठक में महिला मोर्चा सह मेयर प्रमिला मेहरा, प्रमिला कुमारी, जिला प्रवक्ता कृष्ण मुरारी शर्मा, प्रीति भास्कर, आशा देवी समेत बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ता मौजूद थीं।




