उर्दू बालिका मध्य विद्यालय को हाई स्कूल बनाने की पहल पर विधायक संजीव सरदार का भव्य स्वागत
पोटका प्रखंड के हल्दीपोखर पश्चिम पंचायत स्थित उर्दू बालिका मध्य विद्यालय को उच्च विद्यालय (10वीं तक) में अपग्रेड करने का प्रस्ताव जिला शिक्षा स्थापना समिति की बैठक में विधायक संजीव सरदार द्वारा दिए जाने के बाद बुधवार को विद्यालय परिसर में उनका भव्य स्वागत किया गया।

उर्दू बालिका मध्य विद्यालय को हाई स्कूल बनाने की पहल पर विधायक संजीव सरदार का भव्य स्वागत
अभिजीत सेन।
जामशेदपुर/पोटका
पोटका प्रखंड के हल्दीपोखर पश्चिम पंचायत स्थित उर्दू बालिका मध्य विद्यालय को उच्च विद्यालय (10वीं तक) में अपग्रेड करने का प्रस्ताव जिला शिक्षा स्थापना समिति की बैठक में विधायक संजीव सरदार द्वारा दिए जाने के बाद बुधवार को विद्यालय परिसर में उनका भव्य स्वागत किया गया। पंचायत प्रतिनिधियों, ग्रामीणों एवं विद्यालय की छात्राओं ने विधायक का अभिनंदन करते हुए शिक्षा के क्षेत्र में इस पहल के लिए आभार व्यक्त किया।

छात्राओं को मिलेगी गांव में ही उच्च शिक्षा
इस अवसर पर पंचायत की मुखिया फरजाना सुल्तान ने कहा कि विद्यालय में उच्च कक्षाओं की पढ़ाई की व्यवस्था नहीं होने से छात्राओं को आगे की शिक्षा के लिए दूसरे स्थानों पर जाना पड़ता था, जिससे उन्हें काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। विद्यालय के अपग्रेड होने से अब क्षेत्र की छात्राएं अपने ही पंचायत में उच्च शिक्षा प्राप्त कर सकेंगी। उन्होंने पंचायत की ओर से विधायक का आभार जताते हुए हल्दीपोखर मुख्य सड़क से पंचायत तक सड़क निर्माण एवं टाउन फीडर से विद्युतीकरण कार्य शीघ्र पूरा कराने की मांग संबंधी ज्ञापन भी सौंपा।
ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा को मजबूत करना सरकार की प्राथमिकता– विधायक
विधायक संजीव सरदार ने कहा कि झारखंड सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि आगामी शैक्षणिक सत्र से विद्यालय में उच्च कक्षाओं की पढ़ाई शुरू हो सके, इसके लिए आवश्यक प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है। उन्होंने कहा कि हल्दीपोखर मुख्य सड़क निर्माण एवं टाउन फीडर विद्युतीकरण की योजनाएं कुछ तकनीकी कारणों से रुकी हुई हैं, लेकिन संबंधित बाधाओं को दूर कर जल्द ही दोनों योजनाओं पर कार्य शुरू कराया जाएगा।
कार्यक्रम का संचालन विद्यालय के प्रधानाध्यापक मो. शहाबुद्दीन ने किया। इस अवसर पर पूर्व पार्षद चंद्रावती महतो, पूर्व मुखिया सैयद जबीउल्ला, झामुमो नेता सुनील महतो, जिकरुल होदा, सैयद समीउल्लाह, उपमुखिया शाहिद परवेज, ग्राम प्रधान मो. असलम, वार्ड सदस्य मो. इदरीस, अब्दुल हन्नान, आफताब आलम, देव पालित, अलका तरन्नुम, तरन्नुम परवीन, फिरोजा जमा, बबलू प्रधान, दौलत अली सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं छात्राएं उपस्थित रहीं।



