इंदिरा गांधी की जयंती पर कांग्रेसियों ने किया नमन, राष्ट्र की एकता-अखंडता के लिए उनके योगदान को किया याद
देश की प्रथम एवं अब तक की एकमात्र महिला प्रधानमंत्री और भारत रत्न स्वर्गीय इंदिरा गांधी की जयंती बुधवार को गिरिडीह जिला कांग्रेस कार्यालय में श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई।

इंदिरा गांधी की जयंती पर कांग्रेसियों ने किया नमन, राष्ट्र की एकता-अखंडता के लिए उनके योगदान को किया याद
जिला कांग्रेस कार्यालय में आयोजित हुआ श्रद्धांजलि कार्यक्रम,
जिलाध्यक्ष सतीश केडिया ने कहा- इंदिरा जी के विचारों पर चलकर देश में कायम करना होगा आपसी सौहार्द
गिरिडीह, मनोज कुमार।
गिरिडीह : देश की प्रथम एवं अब तक की एकमात्र महिला प्रधानमंत्री और भारत रत्न स्वर्गीय इंदिरा गांधी की जयंती बुधवार को गिरिडीह जिला कांग्रेस कार्यालय में श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। इस अवसर पर कांग्रेस नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने उनकी तस्वीर पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। साथ ही उनके व्यक्तित्व, राजनीतिक जीवन और राष्ट्र निर्माण में दिए गए योगदान को याद किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सतीश केडिया ने कहा कि इंदिरा गांधी ने देश की एकता और अखंडता की रक्षा के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया। उन्होंने देश विरोधी ताकतों के खिलाफ दृढ़ता से मुकाबला किया और अपनी नीतियों एवं नेतृत्व क्षमता से अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत की अलग पहचान स्थापित की।
उन्होंने कहा कि इंदिरा गांधी की गुटनिरपेक्ष नीति ने विश्व राजनीति में भारत को एक नई दिशा दी। उनके नेतृत्व में 1971 के युद्ध के बाद बांग्लादेश का उदय हुआ और पाकिस्तानी सेना के ऐतिहासिक आत्मसमर्पण ने विश्व इतिहास में एक नया अध्याय जोड़ा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं को गर्व है कि उन्हें इंदिरा गांधी जैसी सशक्त नेतृत्वकर्ता के विचारों और आदर्शों से प्रेरणा लेने का अवसर मिला।
सतीश केडिया ने आगे कहा कि वर्तमान समय में देश में जिस तरह अशांति, वैमनस्य और आपसी मतभेद का माहौल बन रहा है, ऐसे में कांग्रेस के प्रत्येक कार्यकर्ता की जिम्मेदारी है कि वे इंदिरा गांधी के विचारों और आदर्शों पर चलते हुए देश में आपसी भाईचारा, सद्भाव और सौहार्द कायम करने के लिए प्रयास करें। यही इंदिरा गांधी के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
मौके पर निजामुद्दीन, लड्डू खान, अशोक विश्वकर्मा, धनंजय सिंह, सरफराज अंसारी, मुख्तार, बेलाल अहमद हुसैनी, सुदामा राम, विनीत भास्कर, रियाज आलम, मनीर, शाहनवाज आलम, संतोष वर्मा, अवैश अहमद, एहसान, सूरज सहित कई कांग्रेस नेता एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे।




