MMDR संशोधन के खिलाफ कांग्रेस का शक्ति प्रदर्शन! 7 सितंबर को लोकभवन घेराव की तैयारी, गिरिडीह में बनी आंदोलन की रणनीति
झारखंड में केंद्र सरकार के MMDR संशोधन अधिनियम-2026 के विरोध को लेकर कांग्रेस अब सड़क पर बड़ा आंदोलन करने की तैयारी में है।

MMDR संशोधन के खिलाफ कांग्रेस का शक्ति प्रदर्शन! 7 सितंबर को लोकभवन घेराव की तैयारी, गिरिडीह में बनी आंदोलन की रणनीति
गिरिडीह, मनोज कुमार।
गिरिडीह : झारखंड में केंद्र सरकार के MMDR संशोधन अधिनियम-2026 के विरोध को लेकर कांग्रेस अब सड़क पर बड़ा आंदोलन करने की तैयारी में है। 7 सितंबर को रांची स्थित लोकभवन के समक्ष विशाल मार्च और महा-धरना-प्रदर्शन का ऐलान किया गया है। इसी आंदोलन को सफल बनाने के लिए गिरिडीह जिला कांग्रेस कमिटी ने तैयारियां तेज कर दी हैं।

शनिवार को कांग्रेस पार्टी कार्यालय में जिलाध्यक्ष सतीश केडिया की अगुवाई में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रखंड से लेकर जिला स्तर तक कार्यकर्ताओं की भागीदारी सुनिश्चित करने और 7 सितंबर के आंदोलन की रणनीति को अंतिम रूप देने पर चर्चा हुई।
बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए जिलाध्यक्ष सतीश केडिया ने केंद्र सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि MMDR संशोधन कानून के जरिए खनिज संपदा और जमीन पर उपकर एवं कर लगाने के राज्यों के अधिकार को सीमित करने की कोशिश की जा रही है।

कांग्रेस जिलाध्यक्ष का दावा है कि नए संशोधन से झारखंड को हर साल हजारों करोड़ रुपये की आर्थिक क्षति हो सकती है। इसका सीधा असर राज्य की विकास और कल्याणकारी योजनाओं पर पड़ने की बात उन्होंने कही।
कांग्रेस ने साफ कर दिया है कि अगर केंद्र सरकार संशोधन विधेयक को वापस नहीं लेती है, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। पार्टी के मुताबिक सड़क से लेकर सदन तक विरोध का सिलसिला जारी रहेगा।
वहीं, बैठक में राम मंदिर चंदे में कथित अनियमितता का मुद्दा भी उठाया गया। सतीश केडिया ने मांग की कि जिन लोगों पर मंदिर ट्रस्ट के माध्यम से चंदे में गड़बड़ी के आरोप हैं, उनकी जांच कर दोषियों की गिरफ्तारी और सजा सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि यह केवल आर्थिक अनियमितता का मामला नहीं, बल्कि करोड़ों लोगों की आस्था से जुड़ा विषय है।
बैठक से पहले शिक्षक दिवस के अवसर पर देश के पूर्व राष्ट्रपति और प्रख्यात शिक्षाविद् डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई। बैठक में अशोक कुमार विश्वकर्मा, मोहम्मद अली खान, विमल सिंह, मोहम्मद इम्तियाज, धनंजय गोस्वामी, महेंद्र प्रसाद सिंह, मोहम्मद निजामुद्दीन, मोतीलाल शास्त्री, मोहम्मद मुनीर, मोहम्मद निजाम अंसारी, बिलाल अहमद हुसैनी, मोहम्मद शाहनवाज आलम, मोहम्मद सोहेल, मोहम्मद सरफराज अंसारी, सुलेमान अख्तर, कपिल देव राय, रोनित कुमार वर्मा, इतवारी वर्मा, रामदेव चौधरी, सुदामा राम, रणधीर कुमार चौधरी, मोहम्मद मंजूर अंसारी, दिलावर अंसारी समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।
अब निगाहें 7 सितंबर पर हैं—जब कांग्रेस झारखंड में MMDR संशोधन के खिलाफ अपनी ताकत का प्रदर्शन करते हुए लोकभवन के समक्ष बड़ा आंदोलन करने जा रही है।


