गिरिडीह में सार्वजनिक रास्ता बंद करने की कोशिश पर बवाल, स्थानीय लोगों के विरोध के बाद निर्माण कार्य रुका l
शहर के बरगंडा स्थित बजरंगबली मंदिर के समीप कोपर फील्ड गली में रास्ते को लेकर एक बार फिर विवाद गहरा गया है।

गिरिडीह में सार्वजनिक रास्ता बंद करने की कोशिश पर बवाल, स्थानीय लोगों के विरोध के बाद निर्माण कार्य रुका
गिरिडीह, मनोज कुमार।
गिरिडीह : शहर के बरगंडा स्थित बजरंगबली मंदिर के समीप कोपर फील्ड गली में रास्ते को लेकर एक बार फिर विवाद गहरा गया है। बुधवार को कुछ लोगों द्वारा कथित तौर पर सार्वजनिक रास्ते को घेरकर दीवार खड़ी करने का प्रयास किया गया, जिसके बाद स्थानीय लोगों ने इसका विरोध शुरू कर दिया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अचानक रास्ते पर निर्माण कार्य शुरू होते ही मोहल्ले के लोग मौके पर पहुंच गए और विरोध जताया। स्थानीय निवासियों के विरोध के बाद दीवार बनाने का प्रयास कर रहे लोग वहां से चले गए और निर्माण कार्य रुक गया।
मोहल्ले के निवासी एवं अधिवक्ता सुजीत नीफुलम ने आरोप लगाया कि रेशभ राजगढ़िया नामक व्यक्ति ने अपनी जमीन बताते हुए जबरन रास्ते को बंद कर दीवार बनाने का प्रयास किया। उन्होंने कहा कि यह रास्ता वर्षों से आम लोगों के आवागमन के लिए उपयोग में है और स्थानीय लोगों के विरोध के कारण निर्माण कार्य नहीं हो सका।

वहीं, इस संबंध में रेशभ राजगढ़िया से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उन्होंने इस मामले पर कोई भी टिप्पणी करने से इंकार कर दिया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यह रास्ता लंबे समय से सार्वजनिक उपयोग में है। इसी मार्ग से स्कूली बच्चे, बजरंगबली मंदिर आने-जाने वाले श्रद्धालु तथा आसपास के लोग आवागमन करते हैं। यह रास्ता सरस्वती शिशु विद्या मंदिर और पावर हाउस क्षेत्र को भी जोड़ता है। लोगों का कहना है कि यदि इस रास्ते को बंद कर दिया गया तो आम नागरिकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ेगा।
फिलहाल मामले को लेकर क्षेत्र में तनाव का माहौल है और स्थानीय लोग प्रशासन से सार्वजनिक रास्ते को सुरक्षित रखने तथा पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं।




