MMDR एक्ट के खिलाफ झामुमो का हुंकार! पतरोडीह में गरजे कार्यकर्ता, 7 सितंबर के आंदोलन को सफल बनाने का लिया संकल्प
केंद्र सरकार के MMDR एक्ट के विरोध में झामुमो का विरोध अभियान लगातार तेज होता जा रहा है। इसी कड़ी में बुधवार को सदर प्रखंड के पतरोडीह पंचायत सचिवालय में झामुमो कार्यकर्ताओं की एक अहम बैठक आयोजित की गई।

MMDR एक्ट के खिलाफ झामुमो का हुंकार! पतरोडीह में गरजे कार्यकर्ता, 7 सितंबर के आंदोलन को सफल बनाने का लिया संकल्प
गिरिडीह, मनोज कुमार।
गिरिडीह : केंद्र सरकार के MMDR एक्ट के विरोध में झामुमो का विरोध अभियान लगातार तेज होता जा रहा है। इसी कड़ी में बुधवार को सदर प्रखंड के पतरोडीह पंचायत सचिवालय में झामुमो कार्यकर्ताओं की एक अहम बैठक आयोजित की गई। बैठक में केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ जमकर आवाज बुलंद की गई और आगामी 7 सितंबर को गिरिडीह प्रखंड कार्यालय में प्रस्तावित आंदोलन को सफल बनाने की रणनीति पर चर्चा हुई।

बैठक की अध्यक्षता मंत्री प्रतिनिधि शंकर कुमार दास ने की, जबकि संचालन पंचायत अध्यक्ष राजू रजक ने किया। पर्यवेक्षक के रूप में प्रखंड सचिव मो. सरफुद्दीन अंसारी, नरेश कोल, मंत्री प्रतिनिधि खूबलाल दास और प्रखंड उपाध्यक्ष सुनील दास प्रमुख रूप से मौजूद रहे।
बैठक के दौरान वक्ताओं ने बारी-बारी से केंद्र सरकार की नीतियों पर सवाल उठाते हुए MMDR एक्ट के खिलाफ विरोध दर्ज कराया। कार्यकर्ताओं ने कहा कि केंद्र की नीतियों के खिलाफ पार्टी सड़क से लेकर पंचायत स्तर तक संघर्ष जारी रखेगी।

कार्यकर्ताओं ने आगामी 7 सितंबर के आंदोलन में बड़ी संख्या में शामिल होने और इसे प्रभावी बनाने की अपील की। इस दौरान केंद्र की मोदी सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी भी की गई, जिससे पूरा पंचायत सचिवालय परिसर राजनीतिक नारों से गूंज उठा।
बैठक में पप्पू दास, मो. शाहिद, मो. मुस्तकीम, लखन दास, कनियाँ खातून, मो. सद्दाम, नीतू देवी समेत बड़ी संख्या में महिला और पुरुष कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
झामुमो नेताओं ने साफ संकेत दिया कि MMDR एक्ट के मुद्दे पर अब विरोध सिर्फ बैठकों तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि 7 सितंबर के आंदोलन के जरिए इसे सड़क पर मजबूती से उठाया जाएगा।


